अनंतनाग लोकसभा सीट पर चुनाव टालना चाहती है पीडीपी
राज्य के मुख्य चुनाव अधिकारी शांतमनु के जम्मू स्थित कार्यालय में बुधवार को बुलाई गई राजनीतिक दलों की सर्वदलीय बैठक में सत्ताधारी दल पीडीपी ने अप्रैल 2017 तक अनंतनाग संसदीय सीट पर चुनाव टालने को कहा है। पार्टी ने कश्मीर में मौजूदा हालात का तर्क देते हुए कहा है कि अभी चुनाव के लिए यह समय अनुकूल नहीं है।
दूसरी ओर विपक्षी दलों में नेकां, कांग्रेस ने जल्द चुनाव करवाने पर जोर दिया है। बैठक में भाजपा के प्रतिनिधि शामिल नहीं हुए। पीडीपी की ओर से सरताज मदनी ने कहा कि पिछले कई माह से कश्मीर में खराब हालात चल रहे हैं। चुनाव के लिए जमीनी स्तर पर हालात ठीक नहीं हैं। कांग्रेस के प्रवक्ता रविंद्र शर्मा ने कहा कि अप्रैल तक चुनाव टालने का कोई तर्क नहीं बनता है।
घाटी में मौजूदा हालात में जब परीक्षाएं करवाई जा सकती हैं तो चुनाव क्यों नहीं। चुनाव 4 जनवरी से पहले करवाए जाएं। एनसी से सैफ उल्लाह मीर और रतन लाल गुप्ता ने भी चुनाव को शीघ्र करवाने का समर्थन किया। जम्मू-कश्मीर नेशनल पैंथर्स पार्टी के चेयरमैन हर्षदेव सिंह ने कहा कि चुनाव को लगातार टालना संविधान के खिलाफ है। उन्होंने 20 दिसंबर तक चुनाव करवाने पर जोर दिया।
महबूबा के सीएम बनने के बाद खाली हुई थी सीट
बैठक में सीपीआई, एनसीपी के प्रतिनिधि भी शामिल हुए। उल्लेखनीय है कि इसी साल जुलाई में मुख्यमंत्री महबूबा मुफ्ती के अनंतनाग सीट से विधायक बनने पर उनकी अनंतनाग की संसदीय सीट खाली पड़ी है। पार्टी के ही पूर्व मंत्री तारिक हामिद करा के पीडीपी को छोड़ने पर श्रीनगर की संसदीय सीट भी खाली चल रही है।
पूर्व मुख्यमंत्री मुफ्ती मोहम्मद सईद के 7 जनवरी 2016 में निधन के बाद राज्य में आठ जनवरी से चार अप्रैल तक राज्यपाल शासन रहा। जिसके बाद पीडीपी से महबूबा मुफ्ती पहली महिला मुख्यमंत्री बनी।