महबूबा मुफ्ती होंगी जम्मू कश्मीर की नई सीएम
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
जम्मू कश्मीर के पूर्व मुख्यमंत्री मुफ्ती मोहम्मद सईद के निधन के बाद ही रियासत में नई सरकार को लेकर अटकलों का दौरा शुरू हो गया था। इस दौरान कुछ लोग पीडीपी भाजपा गठबंधन के टूटने के कयास लगा रहे थे लेकिन अब इस सस्पेंस से पर्दा हटने लगा है।
उम्मीद जताई जा रही है कि 48 घंटों के भीतर रियासत में महबूबा मुफ्ती की अगुवाई में पीडीपी भाजपा के गठबंधन से नई सरकार का गठन होगा।
पीडीपी के प्रवक्ता महबूब बेग ने मंगलवार को अमर उजाला से बातचीत के दौरान कहा कि राज्य में शोक और जश्न एक साथ नहीं चल सकते, इसलिए राजकीय शोक खत्म होने के बाद ही सरकार बनेगी।
बेग ने रियासत में सरकार बनाने को लेकर चल रहे सस्पेंस पर पूछ गए सवाल पर कहा कि उनका मानना है कि ये कोई सस्पेंस नहीं है। हमने मुफ्ती मोहम्मद जैसे कद्दावर नेता को खोया है इसलिए जो भी उनसे परिचित थे सभी सदमे में हैं चाहे वो पीडीपी हो या फिर आम लोग।
महबूबा की अगुवाई में अगली सरकार का गठन
बेग के मुताबिक जैसे ही सभी इस सदमे से बाहर निकलेंगे वैसे ही महबूबा मुफ्ती की अगुवाई में अगली सरकार का गठन किया जाएगा। उन्होंने कहा कि मुफ्ती मोहम्मद ने गठबंधन के समय जो भी एजेंडा आफ एलायंस रखा होगा उस पर अमल कर उसे पूरा करने की पूरी कोशिश रहेगी।
उन्होंने कहा कि राजकीय शोक बुधवार को खत्म हो रहा है इसलिए उम्मीद जताई जा रही है कि जल्द महबूबा मुफ्ती के नेतृत्व में नई सरकार का गठन होगा जो मुफ्ती साहब के बनाए नक्शे कदम पर चलेगी।
भाजपा द्वारा रखी गई शर्तों को लेकर पूछे गए एक सवाल का जवाब देते हुए उन्होंने कहा कि यह सब बेबुनियाद बातें हैं क्योंकि राज्य में विधानसभा चुनावों के बाद इस गठबंधन को बनाने के लिए काफी मशक्कत करनी पड़ी थी और सोच समझ के गठबंधन बनाया गया था ताकि सरकार छह वर्षों का कार्यकाल पूरा कर सके, इसलिए दोनों पार्टियां उस एजेंडा आफ एलायंस पर संतुष्ट हैं और कोई नई शर्त नहीं होगी।