पिता के बचाव में उतरीं महबूबा मुफ्ती, उमर ने घेरा
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
मुख्यमंत्री मुफ्ती मोहम्मद सईद के बयान से पैदा हुआ सियासी बवाल थमने का नाम नहीं ले रहा है। मुफ्ती अपने बयान पर अड़े हैं, जबकि पूर्व मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने इसे जम्मू कश्मीर की जनता का अपमान बताया है।
नेशनल कांफ्रेंस, पैंथर्स पार्टी और कांग्रेस ने मुफ्ती की जमकर आलोचना की है, जबकि संयम बरतते हुए भाजपा भी बयान पर अपना पक्ष रख रही है। बयान पर मुफ्ती ने कहा है कि वह अपने बयान पर कायम हैं और आलोचना करने वाले राई को पहाड़ बनाकर पेश कर रहे हैं।
मुफ्ती ने कहा कि मैंने हुर्रियत और पाकिस्तान के बारे में जो कुछ कहा वह यह था कि कश्मीर के उबरने और लोकतंत्र में विश्वास को पाकिस्तान और हुर्रियत ने मान्यता दी। पाक और हुर्रियत ने यह समझा कि वोटर पर्ची में ही कश्मीर के लोगों को भविष्य है न कि गोली और ग्रेनेड में। यह वोटर पर्ची भारतीय संविधान ने दी है।
जम्मू कश्मीर के अवाम की इसमें अधिक आस्था है। पाक और हुर्रियत ने दखलअंदाजी नहीं की जैसा कि पहले के चुनावों में हुआ करता था। मुफ्ती ने कहा कि मैंने जो सकारात्मक बातें कहीं, उसका जिक्र नहीं किया गया और तिल को ताड़ बना दिया गया।
भारत के संविधान में कश्मीर ने जो अधिकार पाया है और लोकतांत्रिक संस्थाओं ने जो मजबूती पाई है, वह वोटर पर्ची के कारण है, जिसे हुर्रियत और पाक ने मान्यता दी। उन्होंने हर चीज आजमाई और अब मतदान के अधिकार को मान्यता दी।
कांग्रेस ने भी मुफ्ती की आलोचना की
पूर्व मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने कहा है कि भारी मतदान का श्रेय जम्मू कश्मीर के लोगों को दिया जाना चाहिए। मुफ्ती ने इसका श्रेय पाक, हुर्रियत और आतंकवादियों को दिया। अगर उनकी भावना कुछ और थी तो वही बोलना चाहिए था, जो भावना थी।
इस बीच महबूबा मुफ्ती अपने पिता के बचाव में उतरीं। उन्होंने कहा कि मुफ्ती ने कुछ भी गलत नहीं कहा है। विधानसभा चुनाव में लोकसभा चुनाव की तुलना में कम हिंसा हुई। मुफ्ती पाकिस्तान पर बम बरसाने और हुर्रियत नेताओं को जेल भेजने जैसी बातें नहीं कह सकते हैं।
यह भाषा फारूक अब्दुल्ला की रही है। कांग्रेस विधायक उस्मान मजीद ने कहा कि मुफ्ती का बयान जम्मू कश्मीर के लोगों का अपमान है, जिन्होंने आतंकियों की धमकियों को नजरअंदाज कर भारी मतदान किया।
नेशनल कांफ्रेंस के विधायक पूर्व मंत्री मोहम्मद अकबर लोन ने कहा कि मुफ्ती को अपने बयान के लिए कश्मीर की जनता से माफी मांगनी चाहिए। भाजपा की ओर से उपमुख्यमंत्री डा. निर्मल सिंह ने कहा है कि केंद्रीय गृह मंत्री राजनाथ सिंह ने संसद में पार्टी का पक्ष रख दिया है।