भाई तसद्दुक को राजनीति की ABCD सिखा रहीं महबूबा
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
महबूबा मुफ्ती पिता के निधन के बाद भाई तसद्दुक मुफ्ती को राजनीति का ककहरा सिखा रही हैं। वे उन्हें संगठन में स्थापित करना चाहती हैं। हॉलीवुड में सिनेमेटोग्राफर रहे तसद्दुक की पहली पाठशाला में महबूबा ने उन्हें पार्टी के नेताओं और कार्यकर्ताओं से मिलवाया। कश्मीर संभाग के पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं से उनका परिचय पहले ही कराया जा चुका है।
उन्होंने भी पिता की एक बड़ी ख्वाहिश को समझने की कोशिश की। इसके लिए वीरवारको वह पाकिस्तान सीमा पर सुचेतगढ़ पहुंचे। निधन से कुछ दिन पहले ही मुफ्ती मोहम्मद सईद ने यहां का दौरा किया था। मुफ्ती सुचेतगढ़ को बार्डर टूरिज्म की दृष्टि से विकसित करना चाहते थे।
उनकी इच्छा थी कि वाघा बॉर्डर की तरह सुचेतगढ़ भी पर्यटन का एक बड़ा केंद्र बने। तसद्दुक कड़ी सुरक्षा के बीच वहां पहुंचे। इसके पहले उन्होंने जम्मू के ऐतिहासिक मुबारक मंडी कॉंप्लेक्स का भी दौरा किया। उन्होंने यहां की सांस्कृतिक विरासत की पूरी जानकारी ली।
महबूबा ने की पार्टी नेताओं से गुफ्तगू
पीडीपी अध्यक्ष एवं सांसद महबूबा मुफ्ती ने जम्मू में लगातार तीसरे दिन पार्टी के संभागीय स्तर के नेताओं से सरकार गठन और संगठनात्मक मुद्दों पर चर्चा की।
महबूबा ने नेताओं से कहा कि उन्होंने सरकार गठन पर अपने रुख से केंद्र सरकार को अवगत करा दिया है। अब केंद्र के जवाब का इंतजार है। महबूबा के भाई तसद्दुक मुफ्ती के भी वीरवार को जम्मू पहुंचने से हलचल बढ़ गई है।
शुक्रवार को पीडीपी के संभागीय मुख्यालय में बुलाए गए अधिवेशन को महबूबा संबोधित करेंगी। पीडीपी मुख्यालय में वीरवार सुबह से ही पार्टी नेताओं समेत संभाग के विभिन्न जिलों के कार्यकर्ताओं का पहुंचना जारी रहा।
पीडीपी का अधिवेशन आज
महबूबा ने पार्टी मुख्यालय पहुंचकर पार्टी नेताओं से अधिवेशन की तैयारियों समेत विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की। वह उधमपुर-डोडा विधानसभा क्षेत्र के पार्टी नेताओं के प्रतिनिधिमंडलों से भी मिलीं।
पीडीपी नेता एवं अनुसूचित जाति सलाहकार बोर्ड के वाइस चेयरमैन भूषण डोगरा के अनुसार संभागीय स्तर के पार्टी नेतृत्व ने महबूबा की लीडरशिप पर पूरी आस्था प्रकट की है। सरकार गठन से लेकर संगठनात्मक स्तर पर महबूबा जो भी फैसला लेंगी वह पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं को मंजूर होगा।
महबूबा ने भी पार्टी नेताओं व कार्यकर्ताओं से पार्टी को मजबूत करने के लिए सहयोग मांगा। इस अवसर पर पार्टी महासचिव वेद महाजन, वरिष्ठ नेता दमन भसीन, भूषण डोगरा आदि से महबूबा ने अधिवेशन की तैयारियों पर चर्चा की।