J&K: आतंकी प्रोफेसर के मारे जाने के बाद कश्मीर विश्वविद्यालय में लहराया पाक का झंडा, फोटो वायरल
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
दक्षिण कश्मीर के शोपियां जिले में सोमवार को हुई मुठभेड़ में कश्मीर विश्वविद्यालय के असिस्टेंट प्रोफेसर मोहम्मद रफी भट के मारे जाने के बाद घाटी के तमाम हिस्सों में विरोध प्रदर्शन जारी है। कश्मीर विश्वविद्यालय में भी हुए एक विरोध प्रदर्शन के दौरान हैरान कर देने वाली चीज देखने को मिली।
छात्र संगठनों द्वारा किए जा रहे इस विरोध प्रदर्शन के दौरान युवाओं ने समाज शास्त्र डिपार्टमेंट की बिल्डिंग पर चढ़ कर पाकिस्तान का झंडा फहराया। इस दौरान वहां मौजूद गार्ड में से किसी ने भी उन्हें ऐसा करने से रोकने की जहमत नहीं उठाई। सबसे खास बात कि जब प्रदर्शन हो रहा था तो वहां कई अन्य प्रोफेसर भी मौजूद थे।
खुलेआम हुई इस देश विरोधी घटना के बाद सोशल मीडिया पर भी इसकी तस्वीर का अंबार लग गया। जिसे तेजी के साथ शेयर किया जा रहा है। बता दें कि कश्मीर विश्वविद्यालय में असिस्टेंट प्रोफेसर के तौर पर कार्य कर रहे मोहम्मद रफी भट अचानक से शुक्रवार को गायब हो गए थे।
जिसके ठीक दो दिनों बाद ही शोपियां में हुई मुठभेड़ में उनके आतंकी बनने की बात सामने आई। सरेंडर न करने की स्थिति में उन्हें आतंकी सद्दाम पडार व अन्य पांच आतंकियों के साथ मार गिराया गया।
पार्क का भी बदल दिया नाम
कश्मीर विश्वविद्यालय में समाजशास्त्र विभाग के सामने पार्क के कई पेड़ो पर कुछ पोस्टर देखे गए। इन पोस्टरों में हाथ से 'रफी पार्क' लिखा गया था। दरअसल प्रोफेसर के मारे जाने के विरोध में लगातार प्रदर्शन कर रहे छात्रों ने पोस्टर लगा कर उस पार्क का नाम बदल कर आतंकी रफी भट के नाम पर रखने की मांग की है।
हालांकि जानकारी के बाद कश्मीर विश्वविद्यालय प्रशासन की ओर से कागज के इन पोस्टरों को निकाल दिया गया है। गौरतलब है कि इन दोनों मामलों से कश्मीर विश्वविद्यालय प्रशासन की भी काफी किरकिरी हुई है।