चार दिन में नौवें बार पाकिस्तान ने तोड़ा सीजफायर, गोलाबारी की आड़ में घुसपैठ की साजिश
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
एलओसी पर पाकिस्तान की नापाक हरकत बुधवार को भी जारी रही। एक दिन के अंतराल के बाद पुंछ जिले के भिंबर गली तथा राजोरी जिले के नौशेरा सेक्टर में पाक की ओर से गोलाबारी की गई। भारतीय सेना की अग्रिम पोस्टों के साथ ही रिहायशी इलाकों को निशाना बनाकर गोले दागे गए। हालांकि, इसमें किसी प्रकार के नुकसान की खबर नहीं है।
सैन्य प्रवक्ता लेफ्टिनेंट कर्नल मनीष मेहता के अनुसार पाकिस्तान की ओर से तड़के पांच बजे पुंछ जिले के भिंबर गली इलाके में गोले दागे गए। लगभग 45 मिनट बाद गोलाबारी थम गई। इसके बाद राजोरी जिले के नौशेरा सेक्टर में सुबह साढ़े नौ बजे गोले दागे गए।
पहले तो पाकिस्तान की ओर से छोटे हथियारों से गोलाबारी की गई, लेकिन बाद में अत्याधुनिक हथियारों से फायरिंग की गई और गोले दागे गए। पाक ने 80 एमएम के गोले दागे। भारतीय जवानों की ओर से इसका मुंहतोड़ जवाब दिया गया।
गोलाबारी की आड़ में घुसपैठ की साजिश
सूत्रों का कहना है कि आतंकियों को धकेलने के लिए पाक की ओर से गोलाबारी की गई। इसकी आड़ में घुसपैठ कराने की कोशिशें की गईं। लगातार पाक की ओर से गोलाबारी किए जाने से ग्रामीणों में दहशत है।
पिछले चार दिनों में पाकिस्तान ने नौ बार सीजफायर का उल्लंघन किया है। इससे पहले 12 जून को तीन बार पाकिस्तान ने गोले दागे थे। जनवरी से अब तक 12 बार गोलाबारी की गई है जिसमें एक नागरिक की मौत हो गई और सात अन्य घायल हो गए।
12 जून को ही पुंछ जिले में एलओसी पर घुसपैठ की कोशिश को सेना ने नाकाम किया था। पाकिस्तान की ओर से गोलाबारी की आड़ में धकेले गए आतंकी भारतीय जवानों की फायरिंग के बाद भाग निकले। मौके से भारी मात्रा में हथियार तथा गोला बारूद बरामद किया गया था।