अमरनाथ यात्रा में खलल डाल सकता है पाकिस्तान
रियासत के डिप्टी सीएम डॉ. निर्मल कुमार सिंह का कहना है कि पाकिस्तान तथा उसके हिमायती अमरनाथ यात्रा में खलल डाल सकते हैं। निर्मल सिंह ने कहा कि पाकिस्तान, अलगाववादी तथा आतंकी नहीं चाहते कि यात्रा ठीक से चले। कहा कि सरकार ने यात्रा के लिए पूरी तैयारी की है। सेना तथा सुरक्षा बलों को हाई अलर्ट पर रखा गया है।
जम्मू संभाग में कानून व्यवस्था की स्थिति की शनिवार को समीक्षा करने के बाद पत्रकारों से बात करते हुए उप मुख्यमंत्री ने कहा कि दो शिवमंदिरों की घटना माहौल बिगाड़ने की साजिश का हिस्सा हो सकती है।
लोगों से ऐसी घटनाओं के प्रति सतर्क रहने को कहा गया है ताकि भविष्य में माहौल न बिगड़ने पाए। जब यात्रा शुरू होनी होती है और पर्यटन सीजन बूम पर होता है तो ऐसे तत्व अशांति फैलाने की कोशिश करते हैं।
आईएसआई तथा अलगाववादी यहां सांप्रदायिक आग भड़काना चाहते हैं
विभिन्न एजेंसियां यहां मंदिरों में हुईं घटनाओं की जांच कर रहीं हैं और सरकार इस पर पूरी तरह नजर रखे हुए है। यह पूछे जाने पर कि घटना बार्डर पार प्रायोजित तो नहीं थी तो उन्होंने कहा कि इससे इंकार भी नहीं किया जा सकता है। पाकिस्तान, आईएसआई तथा अलगाववादी यहां सांप्रदायिक आग भड़काना चाहते हैं, क्योंकि यह इलाका पूरी तरह शांत है। हालांकि, इस तरह के अभी कोई सबूत नहीं मिले हैं। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।
डॉ. सिंह ने कश्मीरी पंडितों तथा पूर्व सैनिकों के लिए अलग कालोनी बनाने के सवाल पर कहा कि इसमें कुछ भी गलत नहीं है। यह कोई मुद्दा ही नहीं है। दरअसल यह कालोनी केवल कश्मीरी पंडितों के लिए नहीं है बल्कि इसमें सभी विस्थापित रह सकते हैं।
हम उन्हें ऐसी जगह नहीं भेज सकते जहां उन्हें 25 साल बाद भी पहले की तरह की स्थितियों का सामना करना पड़े। सैनिक कालोनी केवल स्टेट सब्जेक्ट वालों के लिए ही होगी। हालांकि, राज्य सरकार की ओर से अभी इसके लिए जमीन की तलाश की जानी है।