सरहदी गांवों पर पाक ने दागे मोर्टार, उस पार संदिग्ध हलचल
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
भारत-पाकिस्तान अंतर्राष्ट्रीय सीमा पर पाकिस्तान ने एक बार फिर सीजफायर का उल्लंघन किया। पाकिस्तानी रेंजरों की ओर से पहले फायरिंग की गई और उसके बाद मोर्टार दागे गए। रविवार शाम को पाकिस्तानी रेंजरों द्वारा की गई गोलाबारी का बीएसएफ के जवानों ने भी माकूल जवाब दिया।
गोलाबारी से किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। बहरहाल, सरहदी इलाके के ग्रामीणों में दहशत का माहौल बन गया है। समझा जा रहा है कि यह गोलाबारी घुसपैठ कराने के लिए की गई। भारतीय जवानों ने उनके मंसूबों को नाकाम कर दिया।
उल्लेखनीय है कि दो दिन पहले ही नगरोटा स्थित 16 कोर के जीओसी ने इस बात का खुलासा किया था कि आतंकी संगठन जम्मू संभाग में हमले करने की साजिश कर रहे हैं।
छन्नलाल दीन में सबसे ज्यादा गोले दागे
सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार पहाड़पुर इलाके से सटे गांवों पर पाकिस्तान ने दर्जन भर मोर्टार दागे। इस दौरान तारबंदी के उस पार संदिग्ध हलचल भी दर्ज की गई। रविवार शाम करीब साढ़े छह बजे तक पहाड़पुर, छन्नलाल दीन और पानसर गांवों पर पाकिस्तान ने गोलाबारी की।
इसमें छन्नलाल दीन में सबसे ज्यादा गोले दागे गए हैं। पाकिस्तान की अभ्याल डोगरा पोस्ट से की गई इस गोलाबारी का बीएसएफ ने मुंहतोड़ जवाब दिया। इसके बाद कुछ देर के लिए अंतर्राष्ट्रीय सीमा पर दोनों तरफ शांति छा गई।
लेकिन, देर शाम करीब 7 बजकर 50 मिनट पर करोल माथरेयां में पाकिस्तान ने फिर गोलाबारी की। एक सप्ताह में पाकिस्तान की ओर से सीजफायर उल्लंघन का यह तीसरा बड़ा मामला सामने आया है।