विदेश सचिव के दौरे से पहले पाक की 'नापाक' हरकत
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
पाकिस्तान के शक्तिशाली सेना प्रमुख जनरल राहील शरीफ ने बृहस्पतिवार को भारत को नियंत्रण रेखा पर कथित उकसावे के लिए मुंहतोड़ जवाब देने की चेतावनी दी है। विदेश सचिव एस जयशंकर के पाक दौरे से कुछ दिन पहले पाक सेना प्रमुख का यह बयान आया है।
सेना द्वारा जारी एक बयान में कहा गया है कि भारत के सीमा और नियंत्रण रेखा पर संघर्ष विराम का उल्लंघन करने से पाकिस्तान आतंकवादियों के खिलाफ अभियान पर ध्यान केंद्रित नहीं कर पा रहा है। इससे उसकी क्षेत्रीय स्थिरता प्रभावित हो रही है।
इसमें उन्होंने कहा है कि ‘इस बात में कोई संदेह नहीं रहना चाहिए कि सीमा और नियंत्रण रेखा पर उकसावे वाली किसी भी कार्रवाई का कड़ा जवाब दिया जाएगा।’
पाक सेना के प्रवक्ता मेजर जनरल आसिम सलीम बाजवा ने कहा कि सेना प्रमुख ने हाल ही में भारतीय सेना की गोलीबारी से प्रभावित सियालकोट क्षेत्र का दौरा किया था। उन्होंने सुरक्षाकर्मियों और स्थानीय नागरिकों से भी मुलाकात की थी।
पाक ने चर्चा के लिए अपने उच्चायुक्त को बुलाया
विदेश सचिव एस जयशंकर के इस्लामाबाद दौरे से पहले पाकिस्तान ने भारत में अपने उच्चायुक्त अब्दुल बासित को विचार-विमर्श के लिए बुलाया है। पाक विदेश मंत्रालय के अधिकारियों के मुताबिक, बासित यहां पहुंच गए हैं।
वह भारतीय विदेश सचिव के दौरे से पहले की तैयारियों के लिए हो रही अंदरूनी चर्चा का हिस्सा हैं। विदेश सचिव अजीज चौधरी से मुलाकात के बाद बासित प्रधानमंत्री नवाज शरीफ और विदेश मामलों के सलाहकार सरताज अजीज से मिलेंगे।
भारत और पाकिस्तान विदेश सचिव स्तर की बातचीत के दौरान सभी द्विपक्षीय मुद्दों पर बात कर सकते हैं।