{"_id":"62323252b796e81edb3b264f","slug":"on-the-foundation-day-of-crpf-dg-kuldeep-singh-said-wherever-the-enemies-of-the-country-are-they-will-be-eliminated","type":"story","status":"publish","title_hn":"सीआरपीएफ स्थापना दिवस: धारा 370 हटने के बाद घाटी में पथराव की घटनाओं में कमी आई, हालात में व्यापक सुधार हुआ है- डीजी कुलदीप सिंह","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
सीआरपीएफ स्थापना दिवस: धारा 370 हटने के बाद घाटी में पथराव की घटनाओं में कमी आई, हालात में व्यापक सुधार हुआ है- डीजी कुलदीप सिंह
Thu, 17 Mar 2022 01:57 PM IST
दुष्यंत शर्मा
अमर उजाला नेटवर्क, जम्मू
अमर उजाला नेटवर्क, जम्मू
Published by: दुष्यंत शर्मा
Updated Thu, 17 Mar 2022 01:57 PM IST
सार
सीआरपीएफ के महानिदेशक कुलदीप सिंह ने कहा कि प्रदेश में धारा 370 के हटने के बाद पथराव की घटनाओं में भी कमी आई है। विदेशी आतंकियों की घुसपैठ और हमले भी घटे हैं।
विज्ञापन
सीआरपीएफ के महानिदेशक कुलदीप सिंह।
- फोटो : एएनआई
विस्तार
जम्मू-कश्मीर के हालात पहले से बहुत बेहतर हुए हैं। इसमें लगातार सुधार हो रहा है। प्रदेश में धारा 370 के हटने के बाद पथराव की घटनाओं में भी कमी आई है। विदेशी आतंकियों की घुसपैठ और हमले भी घटे हैं। हालातों को बेहतर करने के लिए सरकार और अन्य एजेंसियों के साथ मिलकर सीआरपीएफ काम कर रही है। देश के दुश्मन जहां भी होंगे, उन पर पूरी सख्ती के साथ कार्रवाई होगी। आतंकवाद को समाप्त करने के लिए संयुक्त प्रयास जारी हैं। सीआरपीएफ के 83वें स्थापना दिवस के सिलसिले में जम्मू पहुंचे सीआरपीएफ के महानिदेशक कुलदीप सिंह ने यह बातें कहीं।
विज्ञापन
डीजीपी कुलदीप सिंह ने कहा कि आतंकी हो या देश का कोई और दुश्मन, कानून से बच नहीं सकता। ऐसे लोगों पर कानूनी व्यवस्था के तहत ठोस कार्रवाई होगी। कश्मीर में आतंकियों के मस्जिद में आड़ लेने के सवाल पर उन्होंने कहा कि आतंकियों का कोई मजहब नहीं होता। वे कहीं भी छिपें, सुरक्षा बलों से बच नहीं सकते। अमरनाथ यात्रा की सुरक्षा तैयारियों के सवाल पर डीजीपी ने कहा कि अभी वे यात्रा इंतजामों को लेकर कुछ नहीं बता सकते। इस संबंध में आदेश मिलने पर ही फौरन व्यवस्थाएं की जाएंगी।
विज्ञापन
उन्होंने बताया कि जोखिम कोष से वित्तीय सहायता के तहत कार्रवाई में शहीद हुए कर्मियों के लिए अनुग्रह राशि को 20 लाख रुपये से बढ़ाकर 30 लाख रुपये किया गया है। इसके साथ ही अन्य सभी मामलों के लिए अनुग्रह राशि को 15 लाख रुपये से बढ़ाकर 20 लाख रुपये कर दिया गया है।
विज्ञापन
162 आतंकी और माओवादी मार गिराए
सीआरपीएफ के स्थापना दिवस की रिहर्सल परेड को संबोधित करते हुए डीजी ने अपने कर्मियों की बहादुरी और साहस की सराहना की। उन्होंने कहा कि वर्ष 2021-22 में सीआरपीएफ ने 162 आतंकियों और माओवादियों को मार गिराया। 1500 अन्य को गिरफ्तार किया और 750 अन्य को देश भर में विभिन्न अभियानों में आत्मसमर्पण करने के लिए मजबूर किया। इस दौरान 415 हथियार, 13,000 राउंड, 1400 किलोग्राम विस्फोटक, 225 ग्रेनेड, 115 बम, 615 आईईडी, 2400 डेटोनेटर और 5336 जिलेटिन सहित भारी मात्रा में हथियार और गोला-बारूद बरामद किया। 3.27 करोड़ रुपये और 25,775 किलोग्राम मादक पदार्थ भी जब्त किए गए। हालांकि इन सभी आपरेशन में सीआरपीएफ बल के 12 जवानों ने अपने प्राणों की आहुति दी। 169 जवान घायल भी हुए।
सीआरपीएफ कर्मी के हत्यारे को जल्द दिलाएंगे सजा
कश्मीर में छुट्टी पर घर आए सीआरपीएफ कर्मी की हत्या पर डीजी ने कहा कि इस साल कश्मीर घाटी में इस तरह की पहली घटना है। सुरक्षा बलों की आवाजाही पर आतंकी नजर रख रहे हैं। इस घटना के तुरंत बाद आतंकी को गिरफ्तार कर लिया गया है, जिसे कानूनी प्रावधानों के तहत सख्त सजा दिलाई जाएगी। गौरतलब है कि 12 मार्च को शोपियां जिले के चेक छोटीपोरा में घर छुट्टी आए सीआरपीएफ जवान मुख्तार अहमद की आतंकियों ने गोली मारकर हत्या कर दी थी।
कश्मीर फाइल्स पहले खुद देखूंगा, फिर सभी से कहूंगा
कश्मीरी पंडितों पर बनी फिल्म द कश्मीर फाइल्स से जुड़े सवाल पर डीजी ने कहा कि अच्छी फिल्में सबको देखनी चाहिए। उन्होंने अभी सिर्फ ट्रेलर देखा है। फिल्म देखने के बाद वह सभी को देखने को कहेंगे।