मुख्यमंत्री ने बचाई 3 माह के बच्चे की जान
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
घाटी के कई इलाकों में आई बाढ़ से लोगों को बचाने के अभियान में जुटे मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने तीन महीने के एक बच्चे और उसके पूरे परिवार की जान बचाने में अहम भूमिका निभाई।
शाम तक अधिकारियों को वीडियो कांफ्रेंसिंग के जरिये दिशा निर्देश दे रहे मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला रात होते ही खुद भी बाढ़ प्रभावित इलाकों में पहुंचकर बचाव कार्य में जुट गए। बाराजुला इलाके में स्थित बोन एंड ज्वाइंट अस्पताल में मरीजों को ग्राउंड फ्लोर से ऊपरी मंजिलों पर शिफ्ट करने के दौरान उमर उपस्थित रहे।
इस दौरान सेना ने भी पहुंचकर सहायता की। इसी दौरान इलाके के एक घर में पानी भरता देख उमर वहां पहुंचे और उस घर में रह रहे परिवार के लोगों को मकान खाली करने को कहा। पर इस दौरान मकान में रहने वाली महिला घर से निकलने से इनकार कर रही थी।
दंपति को उमर ने खुद निकाला बाहर
उमर के कारण पूछने पर उसने बताया कि उसका तीन महीने का बच्चा मकान की पहली मंजिल पर सो रहा है और वह उस तक पहुंचने की कोशिश कर रही है।
इस पर उमर ने पहले तो उस महिला और उसके पति को वहां से निकाला और फिर अपने निजी सुरक्षा कर्मियों को उसके बच्चे को बचाने के लिए कहा और खुद भी जुट गए। बच्चे को सुरक्षित मकान से निकालकर मां-बाप के हवाले करने के बाद परिवार को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया गया।
इसके अलावा वीरवार देर रात करीब तीन बजे तक बाढ़ प्रभावित इलाकों में बचाव कार्य में जुटे रहे उमर ने दूध गंगा इलाके में बाढ़ की चपेट में आई कार में फंसे चार लोगों को देखा। इस पर उन्होंने तुरंत बचाव अभियान चलाने के निर्देश जारी किए और चार लोगों को बचाया जा सका। शुक्रवार सुबह फिर से उमर बाढ़ प्रभावित इलाकों का दौरा करने में जुट गए थे।