महबूबा का रिपोर्ट कार्ड जन एवं कश्मीर विरोधी: उमर अब्दुल्ला
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
जम्मू-कश्मीर के पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेशनल कांफ्रेंस के कार्यकारी प्रधान उमर अब्दुल्ला ने मुख्यमंत्री महबूबा मुफ्ती पर निशाना साधते हुए कहा कि सीएम का रिपोर्ट कार्ड जन एवं कश्मीर विरोधी है। श्रीनगर के खानेयार में कार्यकर्ता अधिवेशन में उमर अब्दुल्ला ने कहा कि सत्ता के लिए बना पीडीपी और भाजपा का गठबंधन कश्मीर के लोगों के लिए आपदा साबित हुआ है।
उन्होंने कहा महबूबा मुफ्ती ने मुख्यमंत्री के अपने अल्प कार्र्यकाल के दौरान ही लोगों पर अत्याचार करने के सभी रिकार्ड तोड़ दिए हैं। उन्होंने कहा कि सौ से ज्यादा युवाओं की मौत हुई है और सैकड़ों लोग अंधे और विकलांग हो गए हैं।
उन्होंने कहा कि विपक्ष में रहते हुए महबूबा लोगों की गिरफ्तारी व पब्लिक सेफ्टी एक्ट के खिलाफ धरने पर बैठ जाती थीं, जबकि अब उनके कार्यकाल में करीब 11 हजार युवाओं की गिरफ्तारी हुई है और रात में पुलिस औचक छापेमारी कर लोगों को प्रताड़ित कर रही है।
'अनुच्छेद 370 को कमजोर करने के लिए ज्युडिशियल रूट का सहारा लिया'
उन्होंने कहा 2016 में लोगों पर अत्याचार करने के बाद अब पीडीपी-भाजपा गठबंधन सरकार ने अनुच्छेद 370 को कमजोर करने के लिए ज्युडिशियल रूट का सहारा लिया है और वेस्ट पाक रिफ्यूजियों को डोमिसाइल सर्टिफिकेट देकर रियासत की भौगोलिक स्थिति में बदलाव करने का प्रयास किया है, जबकि पीडीपी-भाजपा गठबंधन सरकार ने अपना एक भी वादा पूरा नहीं किया है।
महबूबा मुफ्ती अपने रिपोर्ट कार्ड के आधार पर वोट मांगने आ रही हैं, जबकि उनसे यह पूछा जाना चाहिए कि सौ युवाओं की हत्या और सैकड़ों को नेत्रहीन बनाने और सैनिक कालोनी बनाने का प्रयास करने आदि और अनुच्छेद 370 को हटाने का प्रयास करना उनकी सरकारी की उपलब्धि है।
उन्होंने कहा महबूबा मुफ्ती ने ऐसी पार्टी से गठबंधन किया है, जो कि सांप्रदायिक है और उत्तर प्रदेश में जिसने योगी आदित्यनाथ को मुख्यमंत्री बनाया है। उन्होंने कहा मौजूदा केंद्र में सरकार भाजपा अटल बिहारी वाजपेयी की नहीं है यह ताकत के राष्ट्रवाद और अल्पसंख्यकों से भेदभाव करने वाली भाजपा है।