'दो जोड़ी कपड़े के लिए आतंकी नहीं बन रहे कश्मीरी'
उमर ने कहा सर्वदलीय बैठक में कश्मीर को सियासी समस्या बताने के बजाय पीडीपी ने धार्मिक उन्माद से जोड़कर कश्मीर की अवाम को बदनाम किया है। पीडीपी के सांसद का यह कहना कि दो जोड़ी पजामा-कमीज (दो जोड़ी कपड़े) हासिल करने के लिए कश्मीरी युवक आतंकी बन रहे हैं, असल में पार्टी की मानसिकता को दर्शाता है।
उमर ने कहा पीडीपी को मालूम होना चाहिए कि कश्मीर की अवाम का सियासी रुझान न तो आईएसआईएस से प्रेरित है और ना ही खिलाफत मूवमेंट ही पुनर्जीवित हो रही है।
शिक्षित युवा थाम रहे आतंकवाद का दामन
पीडीपी को लताड़ते हुए उमर ने कहा कि मदरसों को मौजूदा हालात के लिए जिम्मेदार ठहराने का तर्क भी पूरी तरह से आधारहीन है। कश्मीर से एक भी ऐसा युवक आतंकी नहीं बना जिसकी शिक्षा मदरसे से हुई हो।
केंद्र के नजरिये पर प्रहार करते हुए उमर ने कहा प्रधानमंत्री से उम्मीद थी कि वे भाजपा की लीक से हटकर कश्मीर के युवाओं से संवाद करेंगे, लेकिन, उन्होंने भी ऐसा नहीं किया।
कश्मीर एक सियासी समस्या है जिसे केंद्र लगातार मानने से इनकार कर कश्मीरी समस्या के हल के रास्ते बंद करता आ रहा है। उन्होंने कहा कि ऐसे हालात के लिए पीडीपी ही जिम्मेदार है जो अपने स्वार्थ साधने में लगी हुई है। लेकिन, इससे हालात बद से बदतर होते जा रहे हैं।