नहीं चलेगा शार्टकट, हाईवे से जाना होगा परफेक्ट
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
श्री अमरनाथ यात्रा पर जाने वाले यात्रियों की सुरक्षा से पुलिस इस बार कोई समझौता करने के मूड में नहीं है। यात्रा शुरू होेने से दो दिन पहले मंगलवार से ही कश्मीर को जाने वाले सभी वैकल्पिक मार्गों पर राज्य पुलिस ने नाकेबंदी शुरू करने की तैयारी कर ली है।
यातायात पुलिस जम्मू (ग्रामीण) के एसएसपी रविकांत शर्मा ने बताया कि अमरनाथ यात्रियों को नेशनल हाईवे से ही सफर करना होगा। शार्टकट पर जाने से रोकने के लिए तीन जगह नाके लगाए गए हैं। अमर उजाला से बातचीत में उन्होंने बताया कि दूसरे राज्यों से आने वाले श्रद्धालुओं की सुरक्षा के मद्देनजर पुलिस खतरा मोल नहीं लेना चाहती है।
अमरनाथ यात्रियों को कश्मीर जाने के लिए राष्ट्रीय राजमार्ग एक-ए से ही जाने दिया जाएगा। बाबा अमरनाथ के दर्शन के लिए जो यात्री जाएंगे, उन्हें पहले जम्मू स्थित आधार शिविर में जाना ही पड़ेगा। इससे श्रद्धालुओं की संख्या की सटीक जानकारी मिलेगी। इसके साथ ही यात्रा के दौरान रास्ते में होने वाली किसी भी अव्यवस्था से उन्हें बचाया जा सकेगा।
लखनपुर में वन टाइम चेकिंग
एसएसपी शर्मा ने बताया कि लखनपुर में संयुक्त कंट्रोल रूम भी स्थापित किया गया है जहां राज्य में दाखिल होने वाले श्रद्धालुओं के वाहनों को वन टाइम चेकिंग प्रक्रिया से गुजरना होगा। इस प्रक्रिया के बाद उन्हें यात्रा मार्ग पर जगह-जगह दस्तावेजों की जांच के लिए रोका नहीं जाएगा।
सभी वैकल्पिक मार्गों पर नाकेबंदी के दौरान पुलिस के साथ यातायात पुलिस भी दिन रात तैनात रहेगी। अमूमन सर्दी के मौसम में कश्मीर के रास्ते के बंद होने पर इन वैकल्पिक मार्गों को श्रीनगर जाने वालों के लिए अस्थायी रूप से बंद किया जाता रहा है, पर इस बार अमरनाथ यात्रा के दौरान श्रीनगर जाने वालों को हाईवे से ही जाना होगा।
इन मार्गों पर लगाए गए नाके
1. लखनपुर से उधमपुर वाया सतवाई धार रोड पर
2. दियालाचक छलां मार्ग से उधमपुर (वाया रामकोट) को जाने वाले मार्ग पर
3. सांबा से उधमपुर वाया मानसर जाने वाले मार्ग पर
(दूसरे राज्यों से आने वाले अधिकतर मालवाहक वाहन इन मार्गों को कश्मीर जाने के लिए इस्तेमाल करते हैं।)
जम्मू-श्रीनगर हाईवे पर धारा 144 लागू
अमरनाथ यात्रा के मद्देनजर जम्मू-श्रीनगर नेशनल हाईवे पर पत्नीटाप से जवाहर टनल तक धारा 144 लगा दी गई है। रामबन जिला प्रशासन की ओर से जारी यह आदेश दो जुलाई से यात्रा की समाप्ति तक प्रभावी रहेगा। जिला विकास कमिश्नर फारूक शाह बुखारी की ओर से जारी आदेश में कहा गया है कि पत्नीटाप से जवाहर टनल तक किसी प्रकार का विरोध प्रदर्शन नहीं होगा।
लोगों का इस दूरी में किसी प्रकार का जमावड़ा भी नहीं होगा। यह प्रतिबंध इसलिए लगाया गया है, ताकि सड़क जाम की स्थिति में अमरनाथ यात्रियों को किसी प्रकार की दिक्कतों का सामना न करना पड़े।
आदेश में यह भी कहा गया है कि यह प्रतिबंध शब-ए-कदर, जुमे की नमाज तथा ईद पर प्रभावी नहीं होगा। ज्ञात हो कि आए दिन लोग मांगों को लेकर सड़क जाम कर देते हैं। इस विरोध प्रदर्शन से आम यात्रियों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है।