JK: नई सरकार में चेहरे बदलने के मूड में नहीं हैं महबूबा
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
पीडीपी अध्यक्ष महबूबा मुफ्ती सरकार के चेहरे में किसी भी तरह के बदलाव के पक्ष में नहीं हैं। पीडीपी के मंत्रियों के विभागों में भी बदलाव की संभावना नहीं है।
अलबत्ता फिर से नई सरकार के गठन के क्रम में भाजपा अपने मंत्रियों के प्रदर्शन की समीक्षा जरूर कर सकती है। पीडीपी आलाकमान मुफ्ती के किसी भी फैसले को फिलहाल बदलने से बचना चाहता है।
नतीजतन भावी सरकार में अधिकतर चेहरे पुराने ही होंगे। पीडीपी के कुछ मंत्री शुरू से अपने विभाग से संतुष्ट नहीं रहे हैं लेकिन उनके विभागों में भी बदलाव की संभावना नहीं है।
सप्ताह भर के शोक की अवधि बुधवार को समाप्त
मुफ्ती मोहम्मद के निधन के बाद जम्मू-कश्मीर में सप्ताह भर के शोक की अवधि बुधवार को समाप्त हो रही है। उसके बाद सरकार गठन की कवायद तेज हो सकती है।
शुरुआत में भाजपा द्वारा ही राज्यपाल के समक्ष अपनी स्थिति स्पष्ट करने में देर हुई। नई सरकार के गठन के बारे में पीडीपी ने मुफ्ती के निधन के दिन ही राज्यपाल को पत्र सौंप दिया था। उस पत्र में महबूबा को नेता बनाए जाने का जिक्र था।
फिलहाल राज्यपाल शासन लागू है। भाजपा का जम्मू-कश्मीर नेतृत्व बदले माहौल में अपनी हिस्सेदारी में इजाफा चाहता था लेकिन कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी की महबूबा से मुलाकात के बाद भाजपा के तेवर नरम पड़ गए।
विभागों की नहीं होगी अदला-बदली
पीडीपी के अब्दुल रहमान वीरी और भाजपा के सहयोगी दल पीपुल्स कांफ्रेंस के सज्जाद लोन कम महत्वपूर्ण विभागों के मसले पर शुरू में नाराज चल रहे थे। तब मुफ्ती मोहम्मद ने उनके विभाग बदलने से इनकार कर दिया था।
पीडीपी सूत्रों के मुताबिक वर्तमान माहौल में सरकार के आकार में किसी तरह के बदलाव से मुफ्ती के फैसले पर सवाल खड़ा करने का संकेत जा सकता है।
लिहाजा महबूबा अपने पिता की विरासत को जस की तस संभालते हुए आगे बढ़ने को तवज्जो देंगी। भाजपा ने पहले वित्त जैसे महत्वपूर्ण विभाग पर दावा का मन बनाया था लेकिन अब उसकी संभावना भी लगभग समाप्त हो गई है।