नावेद के मददगारों को पकड़ने श्रीनगर पहुंचीं NIA
उधमपुर में बीएसएफ के काफिले पर हमले में आतंकियों के मददगारों की गिरफ्तारी के लिए एनआईए की टीमें श्रीनगर पहुंच चुकी हैं। उधमपुर हमले की जांच में जुटे एनआईए के एसपी अतुल गोयल अमेरिका से लौटने के बाद सीधे श्रीनगर पहुंचे हैं।
आने वाले दिनों में कुलगाम और अन्य इलाकों में छापे मारे जा सकते हैं। एनआईए को तीन इनामी ओवर ग्राउंड वर्करों के गैर जमानती वारंट अदालत से मिले हैं, जिन्होंने सीमा लांघ जम्मू-कश्मीर में प्रवेश करने वाले पाकिस्तानी आतंकियों को पनाह देने के साथ उन्हें आर्थिक मदद की थी।
वे उन्हें एक स्थान से दूसरे स्थान भी ले गए थे। बताया जाता है कि श्रीनगर पहुंचने के बाद एनआईए टीमें कश्मीर के उच्च पुलिस अधिकारियों के संपर्क में हैं।
NIA ने जारी किया आतंकियों पर इनाम
एनआईए ने लश्कर-ए-तैयबा के ओवर ग्राउंड वर्कर (ओजीडब्ल्यू) फैयाज अहमद इट्टू उर्फ फैयाज वेल्डर, फैयाज अहमद अशवर उर्फ सेठा और शाबजार अहमद भट उर्फ खुर्शीद (सभी निवासी कुलगाम) के गैर जमानती वारंट लेने के अलावा उनकी जानकारी देने वालों को 2-2 लाख का इनाम देने की घोषणा की है।
ये तीनों आतंकी अब्दुल रहमान उर्फ अबु कासिम और पांच अगस्त के हमले में जिंदा पकड़े गए मोहम्मद नावेद के साथी हैं।