NIA कर सकती है नगरोटा हमले की जांच, हो सकते हैं कई बड़े खुलासे
नगरोटा हमले की जांच एनआईए को सौंपी जा सकती है, क्योंकि आतंकियों को इस हमले में स्थानीय स्तर पर समर्थन मिलने की आशंका है। इस हमले में सुरक्षा को भी एक चूक माना जा रहा है। इसकी भी जांच हो सकती है। हमले में कई और कारण सामने आ रहे हैं, जिसकी जांच की जा सकती है।
आतंकियों का पांच-छह दिन तक इस हमले की प्लानिंग करना, भारतीय सीमा में उनके लिए पुलिस की वर्दी सिलना। आतंकियों को भारत निर्मित सामान मिलना आदि जांच के विषय हैं। आतंकियों के लिए वर्दी सिलने वाले टेलर, आतंकियों को सामान देने वाले व्यक्ति की तलाश के लिए तमाम सुरक्षा एजेंसियां जुट गई हैं।
आतंकियों को मिली मदद ने सुरक्षा एजेंसियों के कान खड़े कर दिए हैं। उधमपुर के नरसू हमले की तरह ही इस हमले में कुछ स्थानीय लोगों के नाम सामने आ सकते हैं। इस हमले की जांच करने के बाद एनआईए ने कई लोगों को नपा था। इसमें ट्रक चालक से लेकर आतंकियों के लिए सामान खरीदने वाले शामिल हैं। आतंकियों को नगरोटा तक पहुंचाने वाले शख्स की तलाश से ही इस हमले के पत्ते खुलेंगे।
महबूबा ने शहीद जवानों को दी श्रद्धांजलि
मुख्यमंत्री महबूबा मुफ्ती ने नगरोटा आतंकी हमले में शहीद हुए सैन्य अफसराें और पांच जवानों को श्रद्धांजलि दी। सात शहीदों को श्रद्धांजलि देने पहुंचीं महबूबा ने शहीदों के परिवार वालों के प्रति संवेदनाएं प्रकट कीं।
महबूबा ने कहा, वह शहीदाें की आत्मा शांति की प्रार्थना करती हैं। इस अवसर पर पुलिस महानिदेशक, पुलिस के अन्य अफसरों सहित सेना और सिविल प्रशासन के आला अफसर मौजूद थे।