नवजोत सिंह सिद्धू पर हमला, दो लोग गिरफ्तार
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
जम्मू में भाजपा नेता और पूर्व क्रिकेटर नवजोत सिंह सिद्धू के काफिले पर हमला किया गया है। जम्मू में जब सिद्धू पार्टी कार्यकर्ताओं से मिलने जा रहे थे तभी कुछ अज्ञात लोगों ने उनके काफिले पर पत्थरों से हमला बोल दिया। सिद्धू पर हमले के मामले में पुलिस ने दो लोगों को गिरफ्तार किया है।
बीजेपी के पूर्व सांसद सिद्धू का जम्मू के बाहरी इलाके में शिविर लगा था। जहां सुबह कुछ स्थानीय लोग आ गए और सिद्धू का विरोध करते हुए उनपर पथराव शुरू कर दिया। हालांकि इस हमले में सिद्धू को किसी तरह का कोई नुकसान नहीं हुआ है।
पथराव में मौके पर मौजूद दो पुलिसकर्मियों समेत चार लोग घायल हुए हैं। घायल पुलिसकर्मियों को मेडिकल कॉलेज में भर्ती करवाया गया है। पुलिस ने इलाके की सुरक्षा काफी बढ़ा दी है। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दो लोगों को गिरफ्तार भी कर लिया है।
सिद्धू ने पंजाब के मुख्यमंत्री पर लगाया आरोप
यह हमला जम्मू के बोहर कैंप के पास हुआ जिसमें कुछ लोगों ने उनके काफिले पर पत्थर फेंके। हमले में सिद्धू पूरी तरह से सुरक्षित बताए गए हैं जबकि उनकी कार के शीशे टूट गए हैं। सिद्धू कई दिनों से इलाके में अपनी पार्टी भाजपा के लिए प्रचार अभियान में जुटे थे। गौरतलब है कि जम्म-कश्मीर मुस्लिम बहुसंख्यक आबादी वाला भारत का एकमात्र राज्य हैं जहां पर भारतीय जनता पार्टी चुनाव जीतने के दावे कर रही है।
इन दावों को हकीकत में बदलने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी यहां कई रैलिया की हैं। साथ ही इस राज्य के लोगों ने अलगाववादियों को दरकिनार करते हुए मतदान में बढ़चढ़ कर हिस्सा लिया था, जिससे यहां अभूतपूर्व मतदान दर्ज किया गया।
वहीं खुद पर हुए हमले के बाद सिद्धू ने इसका आरोप पंजाब के मुख्यमंत्री प्रकाश सिंह बादल पर लगाया है। उन्होंने साफ कहा कि मेरी बढ़ती लोकप्रियता को देखकर ही बादल साहब ने अपने आदमियों को भेजकर यह हमला कराया है। उन्होंने एक शेर के माध्यम से अपना रोष प्रकट करते हुए कहा कि 'जिन्हें हार समझा था गले में सजाने को, वो नाग बन बैठे काट खाने को'।