नावेद से पूछताछ के दौरान मिली हैं कई महत्वपूर्ण जानकारियां
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
आतंकी गतिविधियों में शामिल होने के आरोप में रियासत की जेलों में बंद कुछ कैदियों को पूछताछ के लिए नेशनल इन्वेस्टिगेशन एजेंसी (एनआईए) प्रोडक्शन वारंट पर लेने की तैयारी कर रही है।
सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार बीएसएफ काफिले पर हमले के दौरान जिंदा पकड़े गए पाकिस्तानी आतंकी मोहम्मद नावेद याकूब ने एनआईए को पूछताछ के दौरान कई महत्वपूर्ण जानकारियां दी हैं।
इसी कड़ी में कुछ ऐसे लोगों के नाम सामने आए हैं, जो वर्तमान में रियासत की जेलों में बंद हैं। बताया जाता है कि इन लोगों से पूछताछ के लिए उन्हें प्रोडक्शन वारंट में लेकर उन स्थानों पर ले जाया जा सकता है, जहां घुसपैठ के बाद नावेद और उसके साथियों ने पनाह ली थी। इनके संबंध उन लोगों के साथ भी हैं, जिन्होंने आतंकियों को आर्थिक और अन्य तरह से मदद की।
बताई कई महत्वपूर्ण जानकारियां
नावेद और अन्य आतंकियों को रियासत के कुछ स्थानों पर ट्रक में ले जाने वाले ड्राइवर खुर्शीद भट उर्फ सूर्या ने भी एनआईए को ऐसे लोगों के सुराग दिए हैं, जो जम्मू-कश्मीर में आतंकियों को हर तरह से मदद देने के अलावा आतंकी संगठनों के लिए फंड ट्रांसफर करने का भी काम कर रहे हैं।
वर्तमान में सूर्या को नौ सितंबर तक न्यायिक हिरासत में भेजा गया है। बताया जाता है कि सूर्या की रिमांड समाप्त होने के बाद उससे वैज्ञानिक तरीके से पूछताछ के लिए एनआईए नई दिल्ली ले जाएगी।
बताया जाता है कि नावेद और सूर्या को न्यायिक हिरासत में भिजवाने के बाद एनआईए की कुछ टीमें अभी भी रियासत के अलग-अलग स्थानों पर जांच में जुटी हैं। 24 जुलाई को जम्मू के मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट के समक्ष नावेद द्वारा दिए गए लगभग तीन घंटे के बयान की कापी पर भी एनआईए टीम काम कर रही है।