स्मृति से मिले नईम, IIT जल्द शुरू करने की मांग
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
शिक्षा मंत्री नईम अख्तर ने सोमवार को नई दिल्ली में मानव संसाधन विकास मंत्री स्मृति ईरानी से मुलाकात कर जम्मू कश्मीर में शिक्षा से संबंधित अहम मुद्दों खासतौर से सर्व शिक्षा अभियान (एसएसए) के फंड को जल्द जारी करने का आग्रह किया। इसके अलावा बाढ़ प्रभावित स्कूलों की मरम्मत और इमारतों के पुनर्निर्माण के लिए विशेष राशि जारी करने और जम्मू र्में आईआईटी जल्द खोले जाने का आग्रह किया।
अख्तर ने कहा कि केंद्र की ओर से सर्व शिक्षा अभियान की राशि रोके जाने से एसएसए के तहत शिक्षकों को कई महीनों से वेतन जारी नहीं हो पा रहा है। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार को रियासत में स्थिति को देखते हुए रोकी राशि जल्द जारी करना चाहिए।
उन्होंने केंद्रीय मानव संसाधन विकास मंत्री से आग्रह किया कि वह रियासत के बाढ़ प्रभावित शिक्षा ढांचे के पुनर्निर्माण के लिए विशेष राशि जारी किए जाने के लिए हस्तक्षेप करें। अख्तर ने कहा सितंबर 2014 में आई बाढ़ से श्रीनगर शहर में कई स्कूलों और कालेजों के ढांचे को नुकसान पहुंचा है।
जल्द रियासत आएगी ईरानी की टीम
उन्होंने कहा कि यूजीसी के वाइस चेयरमैन ने श्रीनगर पहुंच बाढ़ प्रभावित संस्थानों का दौरा कर मानव संसाधन मंत्रालय को अपनी रिपोर्ट भी सौंपी है। जम्मू में प्रस्तावित आईआईटी को जल्द खोलने की प्रक्रिया शुरू होनी चाहिए। सरकार ने जगह की निशानदेही भी कर ली है। अख्तर ने रियासत में जवाहर नवोदय विद्यालयों और केंद्रीय विद्यालयों की संख्या में बढ़ोतरी की मांग की।
केंद्रीय मंत्री ने आश्वासन दिया कि एसएसए के रोके फंड को जारी करने की प्रक्रिया शुरू की जा रही है। बाढ़ प्रभावित शिक्षा के ढांचे के लिए भी विशेष राशि जारी करने के काम में तेजी लाई जाएगी। जम्मू में आईआईटी खोलने पर मंत्री ने कहा कि जल्द ही मानव संसाधन मंत्रालय की टीम जम्मू का दौरा करेगी, ताकि संस्थान जल्द खोलने की तरफ कदम बढ़ाए जाएं।
उन्होंने रियासत में केंद्रीय विद्यालय और जवाहर नवोदय विद्यालयों की संख्या बढ़ाने का भी आश्वासन दिया। वह स्वयं भी रियासत का दौरा कर स्थिति का जायजा लेंगी। इस अवसर पर शिक्षा राज्य मंत्री प्रिया सेठी भी मौजूद रहीं।