'ऐसा लगा मानो टांग में कोई गर्म चीज घुस गई हो'
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
बीते दो दिनों से भारत-पाक सीमा पर लगातार तनाव जारी है। पाक रेंजर्स सीज फायर का उल्लंघन करते हुए सेना के जवानों और गांव वालों पर गोलियां बरसा रहे हैं। बुधवार को हुई गोलीबारी में एक स्कूली छात्र मुकेश भी घायल हुआ था।
स्थानीय अस्पताल में इलाज के बाद मुकेश को जम्मू मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। अब मुकेश होश में है और याद कर रहा है कि आखिर उसके साथ हुआ क्या था। अमर उजाला के साथ खास बातचीत में मुकेश ने अपनी आपबीती बयां की-
दोस्त पीछे गए मैं आगे जा रहा था
‘स्कूल की छुट्टी के बाद मैं घर लौट रहा था। मेरे दोस्त थोड़ा पीछे रह गए थे। मैं आगे चला जा रहा था। इसी दौरान धमाके की आवाज के साथ मेरी टांग में कोई गर्म चीज घुसी। मैं दर्द सहन नहीं कर सका और वहीं गिर गया।’
यह बातें बुधवार को पाकिस्तानी रेंजरों की गोली का शिकार होने वाले स्कूली छात्र मुकेश कुमार ने कही। वह घटना के समय स्कूल से लौट रहा था।
फोटो- गोलीबारी में टूटी खिड़की दिखाते ग्रामीण।
आठवीं में पढ़ता है मुकेश
अरनियां के हाईलाइट सीनियर सेकेंडरी स्कूल की आठवीं कक्षा के छात्र मुकेश के अनुसार जब वह दर्द से कराहता हुआ गिरा, तो उसे कुछ नहीं समझ आया कि उसे क्या हुआ है।
इसके बाद अड्डा चौक के पास के दुकानदार ने उठाकर अरनियां अस्पताल पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद जम्मू के गवर्नमेंट मेडिकल कालेज एंड हास्पिटल में पहुंचाया गया।
पांच भाई-बहनों में सबसे छोटा है मुकेश
दो भाइयों और दो बहनों में सबसे छोटे मुकेश ने कहा कि घटनास्थल से पाकिस्तानी सीमा लगभग दो किलोमीटर दूर है। कई ऐसे मौके आए जब पाकिस्तान की ओर से गोलाबारी हुई।
धमाकों के बीच रहने की आदत पड़ गई है। लेकिन कभी यह नहीं सोचा था कि एक दिन सीमा पार की गोली टांग को भेद जाएगी। मुकेश के अनुसार अस्पताल पहुंचने तक उसे होश नहीं था।
जब जीएमसी में होश आया तो उसे पता चला कि टांग में गोली लगी है। उसकी दायीं टांग में प्लास्टर चढ़ा हुआ है। डाक्टरों ने उसे लंबे समय तक आराम करने की सलाह दी है।
पाकिस्तान का झंडा जलाकर रोष जताया
आरएस पुरा स्थित भारत-पाकिस्तान सीमा पर पाकिस्तान की ओर से लगातार सीजफायर का उल्लंघन किए जाने के विरोध में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने वीरवार को धार रोड जाम कर पाकिस्तान का झंडा लगाकर प्रदर्शन किया।
इस दौरान प्रधानमंत्री का पुतला फूंक कर भी प्रदर्शन किया गया। प्रदर्शनकारियों का कहना था कि केंद्र सरकार की लापरवाही के कारण ही पाकिस्तान इतनी हिम्मत कर पा रहा है।
उन्होंने कहा सरकार बनाने से पहले प्रधानमंत्री मोदी सीजफायर का उल्लंघन करने पर पाकिस्तान को सबक सिखाने के बड़े-बड़े दावे किया करते थे, लेकिन अब चुप्पी साध ली गई है।
उन्होंने कहा कि पाकिस्तान को भी एक बात समझ लेनी चाहिए कि वह मनमानी बंद कर दे। अगर भारत के सब्र का बांध टूट गया तो गंभीर परिणाम भुगतने पड़ सकते हैं।