मोदी की चीन यात्रा बेहद अहम कदम: मुफ्ती
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
मुख्यमंत्री मुफ्ती मोहम्मद ने कहा है कि कश्मीर में अमन के लिए पाकिस्तान से वार्ता जरूरी है। शांति प्रक्रिया जारी रहनी चाहिए। अमन के माहौल से ही जम्मू कश्मीर के विकास को गति मिलेगी। उन्होंने कहा कि पड़ोसियों से संबंध सुधारने की दिशा में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की चीन यात्रा अहम कदम है।
मुफ्ती ने कहा कि प्रधानमंत्री की प्राथमिकता के कारण भारत के पड़ोसी देशों से बेहतर संबंध बन रहे हैं। उन्होंने जम्मू को स्वायत्त टूरिस्ट डेस्टीनेशन बनाने के लिए कई प्रोजेक्टों की घोषणा भी की। मुफ्ती ने पत्रकार वार्ता में कहा कि भाजपा और पीडीपी के बीच गठबंधन ऐतिहासिक है।
यह उत्तरी और दक्षिणी ध्रुवों का मिलन है। इससे जम्मू-कश्मीर के विकास को बल मिलेगा। पाकिस्तान से बातचीत शुरू करने के मुद्दे पर मुफ्ती ने कहा कि इसका कोई विकल्प नहीं है। बातचीत से ही समस्या का समाधान संभव है।
'किसी भी हाल में बंद न हो हाईवे'
मुफ्ती ने रियासत के संतुलित विकास के लिए कश्मीर और जम्मू के समान विकास पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि भाजपा-पीडीपी गठबंधन की सरकार गुड गवर्नेंस, पारदर्शिता, भ्रष्टाचार पर रोक और संस्थाओं की अहमियत फिर से बहाल करने की नीति पर काम कर रही है।
पिछले दिनों संस्थाओं की अहमियत को खतरा पहुंचा था। एहतिसाब आयोग से लेकर पंचायतों तक को मजबूती देने की जरूरत है। अधिकारों को निचले स्तर पर ट्रांसफर करने के प्रयास शुरू हुए हैं। विकास को गति देने के लिए जम्मू-श्रीनगर हाईवे को दुरुस्त करने की दिशा में केंद्रीय भूतल परिवहन मंत्री नितिन गडकरी से वैकल्पिक मार्ग पर बातचीत हुई है।
वर्तमान में थोड़ी बारिश से ही हाईवे बंद हो जाता है। बीआरओ के डीजी से भी विस्तार से चर्चा हुई है। नेशनल हाईवे पर फोकस है कि वह किसी भी सूरत में बंद नहीं हो। बटोत से डोडा तक के मार्ग के लिए 12 करोड़ रुपये मंजूर किए गए हैं। ट्रैफिक प्रबंधन को सुधारा जा रहा है।
सांबा में बनेगा आईआईटी
मुफ्ती ने कहा कि केंद्र सरकार ने जम्मू के लिए आईआईटी को मंजूरी दी है। इसके लिए सांबा सबसे उपयुक्त स्थान है। जमीन की तलाश लगभग पूरी हो गई है। इसके बारे में केंद्र सरकार को अवगत कराया जाएगा। उन्होंने कहा कि वह जल्द दिल्ली जाएंगे और केंद्रीय मंत्रियों से इस पर बातचीत करेंगे।
एयरपोर्ट विस्तार के लिए रक्षा मंत्री से होगी बातचीत
मुख्यमंत्री ने कहा कि जम्मू और श्रीनगर एयरपोर्ट विस्तार पर केंद्रीय रक्षा मंत्री मनोहर परिकर से बातचीत होगी। रक्षा मंत्री जम्मू-कश्मीर के दौरे पर आने वाले हैं। रक्षा विभाग को अलग जमीन उपलब्ध कराने का प्रस्ताव दिया जाएगा।