BJP नेता को धमकी, 'तुम्हें लश्कर के हवाले कर दूंगा'
पुलवामा में वीरवार को आवामी इत्तेहाद पार्टी (एआईपी) के अध्यक्ष और उत्तरी कश्मीर के लंगेट से विधायक इंजीनियर रशीद सभी हदें पार करते दिखे। प्रधानमंत्री पर आपत्तिजनक बैनर का विरोध कर रहे भाजपा नेता को एआईपी समर्थकों ने जमकर पीटा।
इस दौरान रशीद ने भाजपा नेता को धमकी देते हुए यहां तक कह दिया कि तुम्हें लश्कर के हवाले कर दूंगा। गौरतलब है कि पुलवामा में बुधवार को हुई मुठभेड़ के दौरान एक स्थानीय की मौत हो गई थी।
इसके विरोध में वीरवार को डीसी ऑफिस के बाहर धरना-प्रदर्शन का आयोजन किया गया था। इस दौरान रशीद ने कहा कि अगर मामला दर्ज किया गया है, तो आरोपियों को जल्द सजा दी जाए।
भाजपा नेता को बताया 'कौम का गद्दार'
रशीद और समर्थक बैनर भी लिए थे, जिस पर लिखा था कि ‘मिस्टर मोदी, कश्मीरियों को आतंकित करना छोड़ दो’। इस पर पुलवामा जिले के युवा भाजपा अध्यक्ष शब्बीर अहमद भट ने आपत्ति जताई।
इसके बाद मामला बढ़ गया। एआईपी समर्थकों ने भाजपा नेता की पिटाई कर दी। मौके पर मौजूद पुलिस कर्मियों ने उन्हें किसी तरह अलग हटाया।
चौंकाने वाली बात यह रही कि घटना के समय लंगेट विधायक इंजीनियर रशीद तेज आवाज में कहते दिखाई दिए कि इस शख्स को बोलो कि 'मैं उसे लश्कर के हवाले कर दूंगा'। यहां तक कि भाजपा समर्थक होने के चलते उन्हें कौम का गद्दार भी कहा।
भाजपा ने की कार्रवाई की मांग
आपत्ति इस बात की है कि जो बैनर उन्होंने लिया था, उस पर प्रधानमंत्री की बुराई थी। उस पर खून के धब्बे भी थे। इसी बात पर आपत्ति जताई थी। लेकिन, रशीद के समर्थकों ने मेरे ऊपर धावा बोल दिया।
गौरतलब है कि जब भट मीडिया के सामने बात रख रहे थे तो उस समय भी आसपास मौजूद भीड़ ने उन पर धावा बोल दिया और लात घूंसे चलाए। कश्मीर में भाजपा के मीडिया प्रभारी अल्ताफ ठाकुर ने इस घटना की निंदा करते हुए इसमें जल्द कार्रवाई की मांग की है।