श्रीनगर उपचुनाव में ईवीएम भी लूट ले गए थे उपद्रवी
श्रीनगर लोकसभा सीट के लिए हुए उपचुनाव के दौरान रविवार को हुई भारी हिंसा के दौरान उपद्रवियों ने ईवीएम को व्यापक पैमाने पर नुकसान पहुंचाया। मुख्य निर्वाचन अधिकारी (सीईओ) की ओर से चुनाव आयोग को इसकी विस्तृत रिपोर्ट भेजी गई है। उपद्रवी लगभग डेढ़ दर्जन ईवीएम लूट ले गए और तीन दर्जन ईवीएम को क्षति पहुंचाई।
ज्ञात हो कि उपचुनाव के दौरान 200 से अधिक हिंसा की घटनाओं में आठ लोगों की जान चली गई थी और 200 से अधिक लोग घायल हुए थे। सबसे ज्यादा हिंसा बडगाम जिले में हुई थी। यहीं ईवीएम लूटने तथा क्षति पहुंचाने की भी घटनाएं हुईं।
रविवार को मतदान के बाद विभिन्न बूथों के पीठासीन अधिकारियों से मिली रिपोर्ट के बाद सीईओ ने चुनाव आयोग को रिपोर्ट भेजी है। सूत्रों के अनुसार रिपोर्ट में कहा गया है कि जिन ईवीएम को क्षति पहुंचाई गई है, वे भी लगभग बेकार हो गई हैं। इनकी मरम्मत करा पाना संभव नहीं है। उपद्रवियों ने 19 बूथों से ईवीएम भी लूट ली हैं।
भीड़ के हमले के कारण जब मतदान कर्मी सुरक्षित स्थानों पर चले गए तो उपद्रवी अपने साथ ईवीएम लेते गए। सीईओ शांतमनु ने बताया कि चुनाव के बाद पूरी रिपोर्ट कंपाइल कर आयोग को भेज दी गई है। उपद्रवियों ने ईवीएम को व्यापक पैमाने पर नुकसान पहुंचाया था।
उपद्रवियों की गिरफ्तारी को छापेमारी
अब लूटे गए ईवीएम की बरामदगी के लिए छापेमारी की जा रही है। पुलिस सूत्रों ने बताया कि हिंसा के मामले में उपद्रवियों को चिह्नित किया गया है। इनकी गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं। इसके साथ ही लूटे गए ईवीएम की बरामदगी के भी प्रयास किए जा रहे हैं।
उपद्रवियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है। कई उपद्रवियों के भूमिगत होने तथा आसपास के इलाकों में छिपने की खबर है। इस वजह से बडगाम के साथ ही आसपास के इलाकों में भी छापे डाले जा रहे हैं। कोशिश है कि जल्द से जल्द लूटे गए ईवीएम बरामद कर ली जाएं।