सांबा/अखनूर। सांबा के महेश्वर और अखनूर के चौकी चौरा क्षेत्र में सैन्य वर्दी पहने संदिग्ध देखे जाने पर तलाशी अभियान चलाया गया। सुरक्षा बलों ने पूरे इलाके को खंगाला, लेकिन कोई सुराग नहीं लग पाया। इस बीच सुरक्षा अमले को अलर्ट किया गया है।
सैन्य क्षेत्र महेश्वर के पास रविवार देर शाम को स्थानीय निवासी छोटू ने सैन्य वर्दी पहने दो संदिग्धों को देखा। उसने बताया कि यह दोनों झाड़ियों से निकले, जिनमें से एक हाईवे की दूसरी ओर जाने की कोशिश कर रहा था। वाहनों की आवाजाही होने से वह दूसरी ओर नहीं जा पाया। इसकी सूचना सेना को दी गई। सेना ने रात ग्यारह बजे सर्च ऑपरेशन चलाया। सोमवार सुबह सात बजे से दोपहर तक किस्तु ज्योति अस्पताल, कटली, सैन्य क्षेत्र के आसपास के इलाकों में दोपहर तक तलाशी अभियान चलाया गया। जिले के नड क्षेत्र में भी पुलिस व सेना ने रिहर्सल की। उधर, अखनूर-सुंदरबनी हाईवे पर चौकी चौरा क्षेत्र कप्पा काला में रविवार को ट्रक चालक ने सड़क पार करते दो संदिग्धों को सेना की वर्दी पहने और हथियार लिए देखा। सूचना पर पुलिस और सेना ने क्षेत्र की घेराबंदी कर के बडे़ पैमाने में तलाशी अभियान चलाया। पलावांला और केरी सब सेक्टर में अतिरिक्त सुरक्षा व्यवस्था कड़ी की गई है। चौकी चौरा सहित क्षेत्र के विभिन्न पंचायतों के लोगों को संदिग्धों के बारे में सचेत रहने की हिदायतें दी हैं। एसडीपीओ वरुण जंडियाल ने बताया कि चौकी चौरा रोड पर एक चालक ने दो संदिग्धों के देखे जाने की सूचना दी। तलाशी अभियान लगातार जारी है।