अलगाववादी नेता मीरवाइज उमर फारूक नजरबंद
जम्मू कश्मीर के अलगाववादी नेता और हुर्रियत (एम) के अध्यक्ष मौलवी मीरवाइज उमर फारूक को शनिवार को उनके नगीन स्थित घर पर नजरबंद किया गया। पुलिस के एक दस्ते ने घर पहुंचकर नजरबंद किए जाने की जानकारी दी।
मीरवाइज को श्रीनगर के पुराने शहर ख्वाजा बाजार स्थित ख्वाजा नक्शबंद साहिब की दरगाह में मजलिस का खिताब और विशेष नमाज पढ़ानी थी। कानून व्यवस्था बिगड़ने के अंदेशे से उन्हें ऐसा करने से रोका गया और घर पर नजरबंद किया गया।
शुक्रवार को हिरासत में लिए गए थे यासिन मलिक
गौरतलब है कि इससे पहले शुक्रवार को जम्मू कश्मीर लिबरेशन फ्रंट (जेकेएलएफ) के प्रमुख यासिन मलिक को श्रीनगर में हिरासत में लिया गया था। जानकारी के मुताबिक यासिन मलिक को श्रीनगर के लाल चौक के पास हिरासत में लिया गया था।
मिली सूचना के मुताबिक यासिन मलिक द्वारा मैसूमा इलाके में कुछ समर्थकों के साथ निकाले गए मार्च को लेकर लाल चौक तक जाने की कोशिश हो रही थी। इसी दौरान जम्मू कश्मीर पुलिस द्वारा यासिन को हिरासत में ले लिया गया।