कश्मीर के हालात बिगाड़ रहा मसर्रत: भाजपा
रियासत में पीडीपी के साथ सरकार में शामिल भाजपा ने अलगाववादी नेता मसर्रत आलम की गिरफ्तारी की मांग फिर उठाई है। पार्टी ने कहा है कि मसर्रत आलम की रिहाई के बाद से कश्मीर के हालात बिगड़ रहे हैं। ऐसे में रियासत की सुरक्षा और हालात को सामान्य बनाए रखने के लिए मसर्रत को गिरफ्तार किया जाना चाहिए।
मुख्य प्रवक्ता सुनील सेठी ने बुधवार को पार्टी मुख्यालय में पत्रकार सम्मेलन में कहा कि मसर्रत आलम जब से रिहा हुआ है, तब से वह देश और राज्य की एकता और अखंडता के लिए खतरा बना हुआ है।
रिहाई के बाद से उसने जिस तरह की बयानबाजी की है, उससे साफ है कि उसे अपने किए पर कोई पछतावा नहीं है। ऐसे में उसे खुले में घूमने देना जन सुरक्षा के लिए ठीक नहीं है।
भाजपा के लिए राष्ट्र हित सर्वोपरि
सेठी ने कहा कि भाजपा का दबाव अब रंग ला रहा है। यह भाजपा का दबाव ही है कि राज्य के गृह सचिव ने गृह मंत्रालय को बताया है कि अब किसी अलगाववादी को रिहा नहीं किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि पीडीपी के साथ भाजपा बराबर की गठबंधन सहयोगी है और वह ऐसा कोई काम नहीं होने देगी जिससे देश की एकता और अखंडता को कोई आंच आए।
भाजपा के लिए राष्ट्र हित सर्वोपरि है और उसके लिए वह कोई भी कदम उठा सकती है। पार्टी आतंकवाद पर जीरो टालरेंस के अपने एजेंडे पर कायम है। इस अवसर भाजपा नेता द्राक्षा अंद्राबी, बलवीर राम रतन भी मौजूद रहे।