हिंसा के लिए हवाला फंडिंग मामले में गिलानी के दामाद समेत कई कश्मीरी अलगाववादी नेता गिरफ्तार
कश्मीर घाटी में मंगलवार देर रात पुलिस द्वारा एक बड़ी कार्रवाई की गई है। सूत्रों के मुताबिक पाकिस्तान और आतंकी संगठनों से कश्मीर घाटी में हिंसा के लिए हवाला फंडिंग के मामले में एक बड़ी कार्रवाई करते हुए कई अलगाववादी नेताओं को गिरफ्तार किया गया है।
सूत्रों के अनुसार इन अलगाववादियों में हुर्रियत नेता सैय्यद अली शाह गिलानी के दामाद समेत कुछ अन्य लोग शामिल है। गिरफ्तारी के बाद इन नेताओं को श्रीनगर के हुमहमा पुलिस थाने में ले जाया गया है।
सूत्रों के मुताबिक ये गिरफ्तारी एनआईए की छापेमारी के बाद मिले सबूतों के आधार पर की गई है। ये भी कहा जा रहा है कि पकड़े गए इन अलगाववादियों को बुधवार को दिल्ली ले जाया जा सकता है। हालांकि इस मामले की कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।
एनआईए ने की थी छापेमारी
इससे पहले अलगाववादियों के 29 ठिकानों पर एक साथ हुई छापेमारी में एनआई के हाथ लश्कर और हिजबुल जैसे आतंकी संगठनों के लैटर हेड समेत कई अहम् सुराग लगे थे।
तीस सालों में यानी 90 के दशक में आतंकवाद पनपने के बाद से पहली बार किसी केंद्रीय जांच एजेंसी द्वारा इतने बड़े पैमाने पर छापेमारी की गई थी। छापेमारी के बाद एनआईए कई लैपटॉप और पेन ड्राइवों की भी जांच कर रही है।