जम्मू कश्मीर विधानसभा में करोड़पतियों का बहुमत
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
जम्मू-कश्मीर विधानसभा भले ही त्रिशंकु हो, किसी भी दल को सरकार बनाने के लिए बहुमत न मिला हो, लेकिन 87 सदस्यीय सदन में करोड़पतियों का बहुमत है। निर्वाचित तीन-चौथाई यानी 75 फीसदी विधायकों के पास एक करोड़ रुपये से अधिक की संपत्ति है। पीडीपी के सबसे अधिक करोड़पति विधायक हैं।
विधानसभा में कुल 65 करोड़पति पहुंचे हैं। सबसे बड़ी पार्टी पीडीपी के 28 विधायकों में से 24 करोड़पति हैं। भाजपा के 25 में 16, नेशनल कांफ्रेंस (नेकां) के 15 में 14 और कांग्रेस के 12 में से सात विधायक करोड़पति हैं। पीडीएफ, सीपीआई (एम), पीपुल्स कांफ्रेंस के एक-एक विधायकों के पास एक करोड़ रुपये से अधिक की संपत्ति है।
एक निर्दल विधायक भी करोड़पति हैं। दस सबसे अमीर विधायकों में जम्मू संभाग के नगरोटा और दरहाल को छोड़कर शेष आठ विधायक घाटी के हैं।
60 विधायकों पर देनदारी
घाटी में अमीराकदल के पीडीपी विधायक सैय्यद मोहम्मद अल्ताफ बुखारी सबसे अमीर हैं, जिनके पास 84 करोड़ की संपत्ति है। दूसरे नंबर पर पीडीपी के ही जदिबल से विधायक अब्दुल हुसैन अंसारी के पास 27 करोड़ और तीसरे स्थान पर नेकां के नगरोटा से विधायक देवेंद्र सिंह राणा के पास 24 करोड़ की संपत्ति है।
सबसे कम संपत्ति नौशेरा के भाजपा विधायक रविंद्र कुमार रैना के पास मात्र 21 हजार रुपये की संपत्ति है। राफियाबाद के पीडीपी विधायक यावर अहमद मीर के पास 2.20 लाख और रामनगर उधमपुर के भाजपा विधायक आरएस पठानिया के पास 5.19 लाख रुपये की संपत्ति है। चुनाव जीतने वाले 60 विधायकों ने अपने शपथ पत्र में देनदारी दर्शायी है, लेकिन एक करोड़ रुपये से अधिक की देनदारी तीन विधायकों पर है।
पांच विधायकों पर आपराधिक मुकदमे भी हैं। इनमें से तीन पीडीपी और दो नेकां के हैं। पीडीपी के दो विधायकों पर गंभीर आपराधिक मुकदमे भी दर्ज हैं। एसोसिएशन फार डेमोक्रेटिक रिफार्म्स (एडीआर) की ओर से जारी रिपोर्ट के अनुसार पीडीपी विधायकों की औसत संपत्ति 7.78 करोड़, नेकां की 5.57 करोड़, भाजपा की 1.80 करोड़ और कांग्रेस विधायकों की औसत संपत्ति 1.78 करोड़ रुपये है।
किस पार्टी में कितने करोड़पति
पीडीपी 28 24 86
भाजपा 25 16 64
नेकां 15 14 93
कांग्रेस 12 07 58
पीडीएफ 01 01 100
सीपीआई 01 01 100
पीपुल्स कांफ्रेंस 02 01 50
निर्दल 03 01 33
कुल 87 65 75