जम्मू कश्मीर में बीस फीसदी सस्ती मिलेगी रसोई गैस, नेशनल गैस ग्रिड से 2022 तक जुड़ेगा प्रदेश
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
केंद्र शासित जम्मू-कश्मीर में रसोई गैस (एलपीजी) की जगह पाइप नेचुरल गैस (पीएनजी) लेगी। इसके लिए सरकारी स्तर पर कोशिश शुरू कर दी गई है। उपराज्यपाल प्रशासन इस संबंध में केंद्र सरकार के अलावा अन्य हितधारकों से संपर्क कर चुका है। योजना के तहत मेहसाना (गुजरात) से बठिंडा (पंजाब) तक पहुंचने वाली गैस पाइप लाइन का विस्तार जम्मू कश्मीर तक होगा।
आधिकारिक सूत्रों के अनुसार उपराज्यपाल गिरीश चंद्र मुर्मू और उनके प्रशासनिक अधिकारी केेंद्रीय पेट्रोलियम मंत्रालय और गुजरात स्टेट पेट्रोनेट लिमिटेड से इस संबंध में चर्चा कर चुके हैं और केंद्र सरकार की तरफ से परियोजना को लेकर हरी झंडी मिल चुकी है। ऐसे में सब कुछ ठीक रहा तो जम्मू-कश्मीर 2022 तक नेशनल गैस ग्रिड से जुड़ जाएगा। बठिंडा होते हुए जम्मू में गैस पाइप लाइन पहुंचेगी और यहां से इसका कश्मीर तक विस्तार किया जाएगा।
ग्रिड से जुड़ने के बाद जम्मू-कश्मीर में रसोई गैस की किल्लत नहीं होगी। खराब मौसम और जम्मू-श्रीनगर नेशनल हाईवे के भू-स्खलन या अन्य कारणों से बंद रहने पर भी कश्मीर घाटी में रसोई गैस की समस्या नहीं आएगी। सबसे पहले मेहसाना से बठिंडा तक गैस पाइप लाइन बिछाई जाएगी। इसके बाद इसे जम्मू लाया जाएगा और फिर कश्मीर (श्रीनगर) तक पहुंचाया जाएगा।
सात जिलों से गुजरेगी गैस पाइप लाइन
अभी जम्मू-कश्मीर में वाहनों के जरिए गैस सिलिंडर लाए जाते हैं। जम्मू से इन्हें श्रीनगर ले जाया जाता है। हाईवे बंद होने पर घाटी के जिलों में गैस की सप्लाई में दिक्कत आती है। परियोजना पूरी होने के बाद करीब बीस फीसदी तक रसोई की गैस लोगों को सस्ती प्राप्त होगी और किल्लत की समस्या भी हमेशा के लिए दूर हो जाएगी। जम्मू-कश्मीर में गैस पाइप लाइन कठुआ, सांबा, जम्मू, उधमपुर, रामबन और अनंतनाग होते हुए श्रीनगर तक पहुंचेगी।
बठिंडा-जम्मू श्रीनगर गैस पाइप लाइन प्रोजेक्ट के मामले को प्रशासन ने केंद्र सरकार, पंजाब और गुजरात सरकार के साथ उठाया है। उम्मीद है कि जल्दी ही इस पर तेज गति से काम शुरू हो जाएगा। परियोजना पूरी होने के बाद जम्मू कश्मीर खासतौर से जम्मू श्रीनगर नेशनल हाइवे बंद होने के कारण कश्मीर में गैस की किल्लत की समस्या का हमेशा के लिए समाधान हो जाएगा।
-पीके पोले, प्रशासनिक सचिव, उपभोक्ता एवं खाद्य आपूर्ति विभाग, जम्मू-कश्मीर