{"_id":"604e2b9a0be57025e541c127","slug":"lashkar-e-taiba-terrorist-jahangir-ahmad-wani-killed-in-encounter-in-rawalpora-area-of-shopian-usa-made-m4-carbine-rifle-recover","type":"story","status":"publish","title_hn":"शोपियां एनकाउंटर: नागरिकों को बंधक बनाने वाला लश्कर आतंकी ढेर, अमेरिका निर्मित कार्बाइन बरामद, तीन घर क्षतिग्रस्त","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
शोपियां एनकाउंटर: नागरिकों को बंधक बनाने वाला लश्कर आतंकी ढेर, अमेरिका निर्मित कार्बाइन बरामद, तीन घर क्षतिग्रस्त
Sun, 14 Mar 2021 11:04 PM IST
सुशील कुमार कुमार
संवाद न्यूज एजेंसी, अनंतनाग/शोपियां
संवाद न्यूज एजेंसी, अनंतनाग/शोपियां
Published by: सुशील कुमार कुमार
Updated Sun, 14 Mar 2021 11:04 PM IST
विज्ञापन
मुठभेड़ के बाद सर्च ऑपरेशन चलाती पुलिस।
- फोटो : ट्विटर ANI
दक्षिण कश्मीर के शोपियां जिले के रावलपोरा में सुरक्षा बलों ने छह नागरिकों को बंधक बनाने वाले स्थानीय लश्कर आतंकी को ढेर कर दिया। रातभर घेराबंदी के बाद रविवार सुबह की गई कार्रवाई में मारे गए आतंकी के पास से अमेरिका निर्मित एक एम-4 कार्बाइन, मैगजीन, 9600 रुपये नकद व अन्य सामग्री बरामद हुई है। आतंकी की शिनाख्त शोपियां के नारपोरा निवासी जहांगीर अहमद वानी के रूप में हुई है। ऑपरेशन के दौरान एक पुलिस कर्मी और एक नागरिक घायल हुआ है तथा तीन घरों को भी नुकसान पहुंचा है। इलाके में कुछ और आतंकियों के मौजूद होने की आशंका पर ऑपरेशन जारी है।
विज्ञापन
पुलिस के अनुसार, शनिवार की शाम सुरक्षा बलों को रावलपोरा गांव में आतंकियों की मौजूदगी की सूचना मिली थी। इसके बाद सेना, सीआरपीएफ और पुलिस ने पूरे इलाके की घेराबंदी कर दी। रात लगभग 8 बजे आतंकियों ने सुरक्षा बलों पर फायरिंग शुरू कर दी और घेरा तोड़कर भाग निकलने की कोशिश की। इसी दौरान आतंकियों ने छह नागरिकों को बंधक बना लिया था।
विज्ञापन
हालांकि सभी नागरिकों को रात को ही सुरक्षित निकाल लिया था। रात में अंधेरा होने के बाद सुरक्षाबलों ने ऑपरेशन स्थगित कर दिया था, लेकिन गांव से बाहर निकलने के सभी रास्ते सील कर दिए गए। रविवार सुबह होते ही सुरक्षाबलों ने ऑपरेशन शुरू करते हुए एक आतंकी को मार गिराया। पुलिस रिकार्ड के अनुसार, मारा गया आतंकी जहांगीर एक सितंबर 2020 के बाद से सक्रिय था तथा कई आतंकी वारदातों में शामिल था। इसमें सुरक्षा बलों पर हमले और नागरिकों के उत्पीड़न के मामले भी शामिल थे।
विज्ञापन
ऑपरेशन बाधित करने पहुंची भीड़
मुठभेड़ के दौरान उपद्रवियों के एक समूह ने सुरक्षाबलों को बाधा पहुंचाने की कोशिश की। परंतु सतर्क सुरक्षाबलों ने इन शरारती तत्वों को बल प्रयोग कर खदेड़ दिया। कुछ लोगों को चोट भी आई है।
शोपियां में इंटरनेट बंद
रावलपोरा में चल रहे ऑपरेशन के दौरान अफवाहों को फैलने से रोकने के लिए इंटरनेट सेवा बंद कर दी गई है। सुरक्षाबलों ने लोगों से मुठभेड़ स्थल के आसपास न जाने की अपील की है।
इस सप्ताह चार आतंकी मारे गए
11 मार्च को अनंतनाग में जैश के दो आतंकी, नौ मार्च को उत्तरी कश्मीर के बारामुला जिले के सोपोर में अल-बद्र का चीफ अब्दुल गनी ख्वाजा मारा गया था। इसके बाद रविवार को शोपियां में एक आतंकी मारा गया।
कुपवाड़ा में कासो
सुरक्षा बलों ने रविवार को कुपवाड़ा जिले के क्रालपोरा इलाके में आतंकियों की मौजूदगी की सूचना पर तलाशी अभियान चलाया। देर रात तक अभियान जारी था।