जम्मू: मेडिकल कालेजों के लिए शुरू हुई जमीन की खोज
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
जम्मू संभाग के कठुआ, राजोरी और डोडा में नए मेडिकल कालेजों की कवायद तेज हो गई है। मुख्यमंत्री के दिशा निर्देशों के बाद कालेजों के लिए जगह खोजने का काम किया जा रहा है। इसके लिए स्वास्थ्य विभाग के अलावा अन्य सरकारी विभागों से भूमि अधिग्रहण पर काम किया जाएगा।
इस प्रक्रिया के बाद ही ढांचे के लिए केंद्र सरकार की ओर से पहली किस्त में राशि जारी होगी। स्वास्थ्य निदेशक जम्मू डा. बलजीत सिंह पठानिया का कहना है कि कठुआ और राजोरी कालेजों के लिए जगह की शिनाख्त की गई है।
जिसमें कागजी प्रक्रिया पूरी की जा रही है। रियासत में पांच नए मेडिकल कालेजों में जम्मू संभाग के अलावा कश्मीर संभाग में अनंतनाग और बारामुला में दो कालेज बनाए जाने हैं। नए कालेजों के ढांचे का निर्माण होने के बाद मेडिकल काउंसिल आफ इंडिया से हरी झंडी मिलने के बाद ही आगे की प्रक्रिया शुरू होगी।
नए मेडिकल कालेजों के साथ प्रस्तावित पांच जिला अस्पतालों को अपग्रेड करके 200 बेड से 300 बेड किया जाना प्रस्तावित है। इसमें प्रति जिला अस्पताल पर 30 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे।
यहां बनाया जा सकता है कॉलेज
एमसीआई के नियमों के तहत मेडिकल कालेजों के लिए सभी दस्तावेज प्रक्रिया पूरी की जा रही है। स्वास्थ्य विभाग के प्रोजेक्ट में प्रस्तावित कठुआ जिला अस्पताल की 104 कनाल और पुराने जिला अस्पताल की 22 कनाल जमीन के अलावा मेडिकल कालेज के लिए सौ कनाल अतिरिक्त जमीन के अधिग्रहण पर काम होगा।
इसके लिए नए जिला अस्पताल से करीब दो किमी दूर सहार खड्ड पर सरकारी जमीन को अधिग्रहण करने का प्रस्ताव है। यहां ब्वायज हास्टल के अलावा स्टाफ क्वार्टरों का निर्माण होगा। नए जिला अस्पताल में ही गर्ल्स हास्टल का निर्माण होगा।
इसी तरह जिला राजोरी नए अस्पताल की 69 कनाल और पुराने अस्पताल की 35 कनाल जमीन के अलावा 40 कनाल अन्य जमीन को अधिग्रहण करने का प्रस्ताव आगे भेजा गया है। नए जिला अस्पताल के पास ही कृषि विभाग की 32 कनाल भूमि को भी अधिग्रहण करने का प्रस्ताव है।
डोडा नए जिला अस्पताल की भूमि के अलावा अन्य विभागों की भूमि अधिग्रहण पर काम हो रहा है। एमसीआई के नियमों के तहत प्रति मेडिकल कालेज के लिए 104 कनाल की भूमि की जरूरत है। नए मेडिकल कालेजों से जम्मू संभाग में तीन सौ मेडिकल सीटों में इजाफा होगा।