कठुआ रेप कांड की ग्राउंड रिपोर्ट: कई सवाल खड़े करता है देवस्थान में 3 दिन रेप होना
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
कठुआ के रसाना में हुआ रेप कांड कई सवालों के घेरे में है। नाबालिग को एक देवस्थान पर तीन दिनों तक कैद रखा गया। ऐसा क्राइम ब्रांच की चार्जशीट कहती है। लेकिन बार एसोसिएशन समेत कठुआ के तमाम लोग संदेह की दृष्टि से देख रहे हैं। चार्जशीट में जो बातें कही गई हैं वह मौके पर कहानी से मेल नहीं खाती। ऐसा स्थानीय लोगों का कहना है। अमर उजाला ने क्राइम ब्रांच की चार्जशीट और देवस्थान की जमीनी हकीकत की पड़ताल की। पढ़िए मौका-ए वारदात की यह ग्राउंड रिपोर्ट...
चार्जशीट: 3 दिन तक नाबालिग को देवस्थान में रखा गया
ग्राउंड रिपोर्ट: तीन दरवाजों से जुड़ा देवस्थान। भीतर राजा मंडलीक, बाबा सुरगल, माता मल, बाबा बिरफा नाथा और बाबा कालीवीर जैसे कुल देवताओं का स्थान। डोगरों में इन सभी कुल देवताओं की बहुत अहमियत है। इस देवस्थान के तीन दरवाजों की चार चाबियां हैं। तीन चाबियां रसाना के 13 घरों में बदल-बदल रखी जाती है। इसके अलावा एक चाबी पाटा गांव में है। इस गांव में 30 के करीब घर हैं। सुबह 6 बजे से लेकर 10 बजे और शाम 6 बजे से 8 बजे तक सब लोग देवस्थान में ज्योत जगाने आते हैं। ऐसी मान्यता है कि कुल देवता के स्थान पर प्रतिदिन दो वक्त ज्योत जलाई ही जाती है।
चार्जशीट: सांझी राम ने बेटे और भांजे के साथ बच्ची को रेप के बाद मारने की योजना बनाई
ग्राउंड रिपोर्ट: सांझी राम की बेटी मोनिका शर्मा का कहना है कि उसके भाई विशाल को पकड़ लिया गया है। उसके पिता को मास्टरमाइंड बना दिया। कौन पिता होगा जो अपने बेटे को कहेगा कि किसी मासूम से रेप कर दो। क्राइम ब्रांच ने मनगढ़ंत कहानी बनाकर उसके पिता को फंसा दिया। उसके पिता की बक्करवाल परिवार से कोई पुरानी दुश्मनी नहीं थी। न ही कोई जमीन का विवाद था। यदि ऐसा होता तो बच्ची का परिवार 40 साल से यहां रहता आ रहा है। अगर कोई रंजिश होती भी तो बच्ची पे क्यों निकालते।
चार्जशीट: वाहन न मिला तो जंगल में फेंक दिया शव
ग्राउंड रिपोर्ट: जिस जगह पर नाबालिग का शव मिला। वो जगह सांझी राम के घर और देवस्थान को जोड़ती है। यूं कहा जाए कि देवस्थान से सांझी राम के घर के रास्ते में शव मिला था। यह भी एक सवाल है कि सांझी राम के घर के रास्ते के बीच शव क्यों फेंका, जबकि आरोपियों को मालूम था कि वहां से हर रोज कई लोग गुजरते हैं। यह रास्ता सांझी राम के अलावा अन्य घरों को शार्टकट रास्ते के रूप में जोड़ता है।
चार्जशीट: 12 जनवरी को विशाल जंगोत्रा ने सुबह 6 बजे देवस्थान में बच्ची से रेप किया
ग्राउंड रिपोर्ट: सुबह 6 बजे से लेकर 10 बजे तक पाटा और रसाना गांव के लोग ज्योति जलाने आए होते हैं। सांझी राम की बेटी का कहना है कि 10 जनवरी से लेकर अगले चार दिन तक लगातार दोनों गांव के कई लोग देवस्थान आए। अगर बच्ची को यहां रखा होता तो वो नजर नहीं आती क्या?
चार्जशीट: बच्ची को टेबल के नीचे छुपाकर, मैट और दरियों से कवर करके रखा
ग्राउंड रिपोर्ट: देवस्थान में यह टेबल अब भी पड़ा है। जिसकी ऊंचाई करीब दो फुट होगी और लंबाई ढाई फुट। इसके नीचे किसी को छुपाकर रखना जाए तो साफ तौर पर पता चल जाएगा। बेशक इसे सभी तरह से कवर करके रखा जाए। सांझी राम की बेटी मोनिका शर्मा ने कहा कि क्राइम ब्रांच ने बताया कि तीन दिन तक बच्ची से देवस्थान के भीतर रेप हुआ। लेकिन उक्त तीन दिनों में सुबह शाम लोग आकर माथा टेक कर गए। यदि लड़की को यहां छुपाया होता, तो पता चल जाता।
चार्जशीट: सांझी राम के शेड में भी बच्ची को रखा गया
ग्राउंड रिपोर्ट: यह शेड गांव के बीचों बीच बना हुआ है। जो बिल्कुल खुला है। इसमें कोई भी होगा तो साफ तौर पर दिख जाएगा। शेड के पास कई और घर भी हैं।
दोषी हों, तो कड़ी सजा दो, लेकिन जांच सीबीआई से कराओ
वहीं कूटा में धरने पर बैठे रसाना गांव के लोगों का कहना है कि अगर सांझी राम सहित अन्य लोग दोषी हों, तो उन्हें सख्त सजा दो, लेकिन इसकी जांच सीबीआई से कराओ। क्योंकि क्राइम ब्रांच ने सिर्फ एक ही पक्ष की बात सुनी है। सीबीआई की जांच में यदि साबित हो तो वह लोग तैयार हैं।