फितूर में गूंजेगा कश्मीर का पशमीना
कश्मीर का विश्व प्रसिद्ध पशमीना अब बॉलीवुड में गूंजेगा। अब तक फिल्मों में पशमीना का नाम ही सुनाई देने को मिलता था, लेकिन पहली बार पशमीना पर एक गाना बनाया गया है।
काई पो चे जैसी सुपरहिट फिल्म बनाने वाले निर्देशक अभिषेक कपूर की 12 फरवरी को रिलीज होने वाली आगामी फिल्म फितूर में पशमीना गूंजेगा। पहली बार ऐसा हो रहा है कि फिल्म में कोई गाना पशमीना शब्द को लेकर गाया हो।
‘पशमीना धागों के संग, कोई आज बुने ख्वाब ऐसे कैसे, वादी में गूंजे कहीं नए साज, यह रबाव ऐसे कैसे, पशमीना धागों के संग’ बोल का गाना हिट हो रहा है।
घाटी की हसीन वादियों में हुई शूटिंग
दरअसल कश्मीर का पशमीना काफी पसंद किया जाता है। पशमीना शाल, सूट और अन्य कपड़े काफी महंगे रहते हैं। जिसकी बड़े बाजारों में काफी मांग है। पशमीना का जिक्र करते हुए फिल्म में एक पूरा गाना लिखा गया है।
पशमीना के धागों से जोड़ कर हर बोल को इसकी नजाकत और खूबसूरती से जोड़ने की कोशिश की गई है। आशिकी फेम आदित्य राय कपूर और कैटरीना कैफ पर यह गाना फिल्माया गया है। कश्मीरी युवक नूर पर यह फिल्म बनाई जा रही है।
फिल्म में रेखा, तब्बू, कैटरीना कैफ भी अहम भूमिकाओं में हैं। वर्ष 2014 और 2015 में इस फिल्म की शूटिंग कश्मीर की डल झील में की गई। सलमान खान की फिल्म बजरंगी भाईजान के बाद कश्मीर में फिल्म की शूटिंग वाली यह दूसरी फिल्म होगी।