सोमवार से जम्मू में होगा J&K सरकार का सारा कामकाज. दरबार सजने की तैयारियां पूरी
दरबार मूव की परंपरा के तहत सोमवार सात नवंबर को जम्मू में सरकार का दरबार सज जाएगा। नागरिक सचिवालय में मुख्यमंत्री का स्वागत गार्ड आफ आनर से होगा। वहीं दरबार के साथ राजभवन, पुलिस मुख्यालय, आयोगों सहित करीब पचास विभागों के कार्यालय भी शीतकालीन राजधानी जम्मू में खुल जाएंगे
नागरिक सचिवालय परिसर में विभागों में सुबह साढ़े नौ बजे से लेकर सायं पांच बजे तक कामकाज हुआ करेगा। वहीं नागरिक सचिवालय के बाहर दरबार मूव से संबंधित विभागों में सुबह दस से सायं चार बजे तक कामकाज हुआ करेगा।
कश्मीर घाटी में पिछले करीब चार महीने से बिगड़े रहे हालात के चलते सरकार का कामकाज प्रभावित रहा। इसको देखते हुए जम्मू में दरबार खुलना कामकाज के लिहाज से सरकार व प्रशासन के लिए काफी अहम रहेगा।
सड़कों की मरम्मत कर पूरी हुई तैयारियां
जम्मू में हालात सामान्य होने के चलते सरकार की प्राथमिकता विकास कार्यों को गति देना व योजनाओं के क्रियान्वयन की रहेगी। दरबार के सजने में कुछ घंटों का समय रहने के देखते हुए संबंधित विभाग सतवारी से लेकर नागरिक सचिवालय तक के मार्ग को साफ-सुथरा बनाने में जुटा रहा।
फ्लाई ओवर निर्माण के पास उखाड़ी गई सड़कों पर तारकोल डाला गया। वहीं दरबार से संबंधित कश्मीर आधारित कई मुलाजिम भी शनिवार को जम्मू पहुंच गए। अन्य मुलाजिम रविवार को यहां पहुंच जाएंगे। सरकारी मुलाजिमों के जम्मू में रूकने के लिए सरकार द्वारा कई निजी होटलों में इंतजाम कराए गए हैं।