उधमपुर से जम्मू के लिए खोले गए चारों टनल
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
जम्मू-उधमपुर हाईवे पर बनीं चार टनलों ने सफर को आरामदायक बनाने के साथ ही दूरी भी कम कर दी है। जम्मू-उधमपुर फोर लेन नेशनल हाईवे का निर्माण कर रही इफकान कंपनी ने शनिवार को जम्मू जिले के नंदनी इलाके में तैयार की गईं चारों टनलों को एक तरफा आवाजाही के लिए खोल दिया। हालांकि, इनका विधिवत उद्घाटन नहीं हुआ है।
टनलों के खुलने से उधमपुर से जम्मू के बीच अब करीब दो किलोमीटर की दूरी कम हो गई है। लोगों को सफर करने के लिए खतरनाक और तीखे मोड़ से भी नहीं गुजरना पड़ेगा। खास बात यह है कि इस दूरी को तय करने में पहले सामान्य तौर पर आधे घंटे का समय लग जाता था। पर अब चारों टनल खुलने से यह सफर चंद मिनटों में तय हो सकेगा।
शनिवार सुबह करीब साढ़े ग्यारह बजे इफकान कंपनी के अधिकारियों और कर्मचारियों की मौजूदगी नंदनी में चारों टनलों को वाहनों की आवाजाही के लिए खोल दिया गया। टनल केवल उधमपुर से जम्मू की ओर सफर करने के लिए खोली गईं हैं। टी-1 टनल 187 मीटर, टी- 2 टनल 230 मीटर, टी- 3 टनल 474 मीटर और टी-4 टनल 559 मीटर लंबी है।
4.4 किलोमीटर का सफर हुआ कम
टनल नहीं होने के कारण पहले नंदनी से इस मार्ग पर सफर करने के लिए 4.4 किलोमीटर का सफर करना पड़ता था। तीखे मोड़ और तंग हाईवे के कारण वाहन चालकों को यहां काफी परेशानियों का सामना करना पड़ता था। कई बार घंटों जाम लगा रहता था।
लेकिन, अब वाहन चालक चार टनल और पुल से 2.4 किलोमीटर का आरामदायक सफर करेंगे। शनिवार को टनलों को खोलने की खुशी में इफकान कंपनी की तरफ से नंदनी में वाहन चालकों और यात्रियों में मिठाइयां भी बांटी गईं। पहले दिन इन टनलों से होकर गुजरने वाले वाहन चालकों का कहना है कि इससे उन्हें जाम से छुटकारा मिला है।
प्रोजेक्ट डायरेक्टर आरपी सिंह ने बताया कि अभी सिर्फ उधमपुर से जम्मू की तरफ ही टनलों को खोला गया है। जम्मू से उधमपुर की तरफ वाली टनलों का काम चल रहा है। इससे अब हाईवे पर जाम की समस्या काफी हद तक हल हो जाएगी।