{"_id":"64d2a4e677c73f9bbb083a74","slug":"jammu-kashmir-spring-of-foreign-tourists-in-kashmir-valley-2023-08-09","type":"story","status":"publish","title_hn":"Jammu Kashmir : कश्मीर घाटी में विदेशी पर्यटकों की बहार, जून तक 18 हजार ने किए 'धरती के स्वर्ग' के दीदार","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
Jammu Kashmir : कश्मीर घाटी में विदेशी पर्यटकों की बहार, जून तक 18 हजार ने किए 'धरती के स्वर्ग' के दीदार
Wed, 09 Aug 2023 01:56 AM IST
दुष्यंत शर्मा
अमर उजाला नेटवर्क, जम्मू
अमर उजाला नेटवर्क, जम्मू
Published by: दुष्यंत शर्मा
Updated Wed, 09 Aug 2023 01:56 AM IST
सार
इस साल पहले पांच माह में 18 हजार से अधिक विदेशी पर्यटकों ने 'धरती के स्वर्ग' के दीदार किए, जो पिछले तीन दशकों में सबसे अधिक आंकड़ा है।
विज्ञापन
Tourist Jammu Kashmir
- फोटो : संवाद
विस्तार
कश्मीर घाटी में पर्यटकों की आवक पहले के मुकाबले अधिक देखने को मिल रही है। इस साल पहले पांच माह में 18 हजार से अधिक विदेशी पर्यटकों ने 'धरती के स्वर्ग' के दीदार किए, जो पिछले तीन दशकों में सबसे अधिक आंकड़ा है। अधिकारियों के अनुसार जी20 शिखर सम्मेलन के सफल आयोजन के बाद विदेशी पर्यटकों में बढ़ोतरी हुई है। घाटी में इस साल थाईलैंड, मलेशिया, इंडोनेशिया जैसे दक्षिण पूर्व एशियाई देशों के पर्यटकों के अलावा इटली, स्पेन, यूनाइटेड किंगडम और अमेरिका जैसे पश्चिमी देशों के नागरिकों ने भी बड़ी संख्या में घाटी का रुख किया।
विज्ञापन
पर्यटन एवं संस्कृति विभाग के सचिव सैयद आबिद रशीद शाह ने बताया की जी20 बैठक एक बड़ी सफलता है। दुनिया ने जम्मू-कश्मीर की वास्तविक पर्यटन क्षमता देखी। जी20 देशों के राजदूतों, प्रतिनिधियों और उच्चायुक्तों ने जम्मू-कश्मीर के आतिथ्य सत्कार का अनुभव किया। सचिव ने कहा, अब घाटी में पर्यटकों के आगमन और बुकिंग की संख्या तीन गुना बढ़ गई है। इस साल के पहले पांच महीनों में यहां आने वाले पर्यटकों की संख्या पिछले पूरे साल के आंकड़ों को पार कर गई है। उन्होंने कहा कि कुछ दशक पहले जम्मू-कश्मीर साहसिक और आध्यात्मिक पर्यटन के मामले में दुनिया भर में प्रमुख स्थलों में से एक था। उम्मीद है कि ये फिर से दुनिया के शीर्ष पर्यटन स्थलों में से एक बन जाएगा।
विज्ञापन
पिछले साल आए थे दस हजार विदेशी पर्यटक
हाउसबोट ऑनर्स एसोसिएशन के अध्यक्ष मंजूर अहमद पख्तून ने कहा कि इस साल यहां विदेशी पर्यटकों की संख्या पिछले वर्षों की तुलना में अधिक है। पिछले साल लगभग 10,000 विदेशी पर्यटकों के घाटी में कदम पड़े, लेकिन इस साल जून तक दुनिया के विभिन्न हिस्सों से 18,000 से अधिक पर्यटक कश्मीर घूम चुके हैं।
विज्ञापन
न्यूजीलैंड के मार्क वॉरी बाइक पर लद्दाख से कश्मीर पहुंचे
न्यूजीलैंड के मार्क वॉरी अपने देश और ऑस्ट्रेलिया के नागरिकों के साथ मोटरसाइकिल अभियान पर लद्दाख से यात्रा करने के बाद कश्मीर पहुंचे हैं। उन्होंने कहा, पहाड़ों के बीच उनकी यह यात्रा शानदार रही। यह एक खूबसूरत जगह है और कश्मीर के लोग अद्भुत मेहमाननवाज हैं। हम यहां सुरक्षित महसूस करते हैं। जी20 बैठक के बारे में सुना है और उम्मीद करता हूं कि नीतियों में सुधार होता रहेगा, ताकि मेरे जैसे अन्य लोग कश्मीर आ सकें और इस जगह का आनंद उठा सकें।
कश्मीर के लोग मिलनसार और मददगार
बाइकर्स ग्रुप में शामिल ऑस्ट्रेलिया के क्वींसलैंड के जे बॉयड ने कहा कि उन्हें उम्मीद है कि अधिक विदेशी लोग घाटी देखने आएंगे। कश्मीर के लोग मिलनसार और मददगार हैं। बॉयड ने कहा, मैंने यहां हर पल का आनंद लिया है। न्यूजीलैंड के टिम लैंग ने अपने ट्रांस-तस्मान हमवतन द्वारा व्यक्त की गई भावनाओं को दोहराते हुए कहा कि वह कश्मीर में सुरक्षित महसूस करते हैं।
नीदरलैंड की एली पति के साथ छह महीने से अधिक समय तक केंद्र शासित प्रदेश में हैं। कहा कि यहां उन्हें बिल्कुल घर जैसा महसूस हुआ और अब मायूसी हो रही है, क्योंकि अब उनकी यात्रा समाप्त होने वाली है। उन्होंने आगे कहा, हॉलैंड में हमें कश्मीर नहीं जाने की सलाह दी जाती है, लेकिन यहां कई स्थानों पर रहने के बाद मैं यहां पूरी तरह से सुरक्षित महसूस करती हूं। कश्मीर के लोग मददगार हैं, इसलिए मेरा संदेश हैं कि लोगों को कश्मीर जरूर आना चाहिए।
यहां करने के लिए बहुत-सी चीजें
इटली के यात्री एलेग्जेंडर ने कहा कि कश्मीर की सुंदरता मंत्रमुग्ध कर देती है। घाटी बहुत दिलचस्प जगह है। यहां बहुत सारा इतिहास, स्वादिष्ट भोजन और विनम्र लोग रहते हैं। यहां करने के लिए बहुत सारी चीजें हैं। कश्मीर आने की इच्छा रखने वाले हर व्यक्ति को मेरा संदेश है कि यहां आएं, आपको निश्चित रूप से अलग अहसास होगा।