जम्मू कश्मीर पुलिस: हवाला मामले में पूर्व मंत्री बाबू सिंह को तीन दिन बाद भी गिरफ्तारी नहीं, कई जगहों पर दी गई दबिश
पुलिस ने तीन दिन पहले कश्मीर के रहने वाले मोहम्मद शरीफ शाह को जम्मू में 6.90 लाख रुपये के साथ पकड़ा था। उसने बताया था कि यह पैसा वह श्रीनगर से लेकर आया है, जिसे बाबू सिंह ने मंगवाया था।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
हवाला मामले में तीन दिन के बाद भी पूर्व मंत्री बाबू सिंह पुलिस की गिरफ्त से बाहर है। आरोपी को पकड़ने के लिए पुलिस ने कई जगहों पर दबिश दी, लेकिन वह पुलिस के हत्थे नहीं चढ़ा। अब तक पुलिस इस मामले में एक दर्जन लोगों से पूछताछ कर चुकी है। हालांकि यह मामला पूरी तरह से आतंकवाद, अलगाववाद से जुड़ा हुआ है।
डीजीपी दिलबाग सिंह भी बोल चुके हैं कि हवाला का यह पैसा और मामला आतंकवाद और अलगाववाद से जुड़ा हुआ है। पुलिस ने तीन दिन पहले कश्मीर के रहने वाले मोहम्मद शरीफ शाह को जम्मू में 6.90 लाख रुपये के साथ पकड़ा था। उसने बताया था कि यह पैसा वह श्रीनगर से लेकर आया है, जिसे बाबू सिंह ने मंगवाया था।
पैसा लेने के लिए खुद बाबू सिंह जम्मू आया हुआ था, लेकिन जब उन्हें पता चला कि पुलिस को इसके बारे पता चल गया है तो वह भूमिगत हो गया। तब से वह फरार है। एसएसपी जम्मू चंदन कोहली का कहना है कि पुलिस मामले में जांच कर रही है। बाबू सिंह अभी पुलिस की गिरफ्त से बाहर है।
पकड़ने के लिए कई जगहों पर दबिश दी जा रही है। इस मामले के हर पहलू को लेकर जांच हो रही है। पुलिस ने कई जगहों पर बाबू सिंह की तस्वीर भेजी है, ताकि वह देश या राज्य से बाहर कहीं भाग न सके। उल्लेखनीय है कि हवाला के इस मामले में कई अहम खुलासे हुए हैं।
इसमें यह भी सामने आया है कि बाबू सिंह की पार्टी और इसमें शामिल लोग पीओके और कश्मीर को एक मुल्क बनाने की साजिश रच रहे हैं। इस साजिश में पीओके और पाकिस्तान के लोग शामिल हैं, जो विदेश से इसके लिए फंडिंग कर रहे हैं।