जम्मू। लद्दाख के उपराज्यपाल डाॅ. बीडी मिश्रा ने विभिन्न सरकारी स्कूलों के छात्रों और शिक्षा विभाग के अधिकारियों के साथ सचिवालय में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की पहल परीक्षा पे चर्चा के 8वें संस्करण में भाग लिया।
उन्होंने कहा कि परीक्षा अक्सर छात्रों और उनके परिवारों के लिए तनाव का कारण रहती है। परीक्षा पे चर्चा एक इंटरेक्टिव मंच के रूप में कार्य करती है जहां भारत के प्रधानमंत्री सीधे छात्रों, शिक्षकों और अभिभावकों के साथ जुड़ते हैं। प्रत्येक संस्करण में परीक्षा से संबंधित चिंता से निपटने के लिए नवीन दृष्टिकोणों पर प्रकाश डाला जाता है।
प्रधानमंत्री मोदी ने देश के विभिन्न हिस्सों के छात्रों के साथ बातचीत की और बोर्ड परीक्षाओं का सामना करने के बारे में उनकी शंकाओं को दूर किया। इस मौके पर शिक्षा सचिव भानु प्रभा, मुख्य शिक्षा अधिकारी लेह सोनम वांगचुक और अन्य मौजूद रहे।