जम्मू-कश्मीरः बर्फबारी में जम गए हैं प्रशासन के बड़े-बड़े दावे, मौसम की चाल से लोग बेहाल
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
कश्मीर घाटी में शनिवार देर रात से शुरू हुई बर्फबारी घाटी के लोगों के लिए मुसीबत बन गई है। लोगों के मुताबिक प्रशासन सोशल मीडिया पर भले ही बड़े-बड़े दावे कर रहा है लेकिन जमीनी हकीकत बिलकुल उसके विपरीत है। कई इलाकों से बर्फ साफ नहीं की गई और कई जगह बिजली ही नहीं है। लोग काफी परेशानी झेल रहे हैं।
श्रीनगर शहर की मुख्य सड़कों को छोड़कर सभी गलियां आदि अभी भी बर्फ की एक मोटी परत से ढकी पड़ी हैं जिसके चलते लोगों को वाहन निकालने में दिक्कत आ रही है। छानपोरा इलाके के मीर इरफान ने बताया कि अगर अंदरूनी सड़कें साफ नहीं होंगी तो मुख्य सड़कें साफ करने का क्या फायदा।
गाड़ियां अंदरूनी इलाकों से ही मुख्य सड़कों तक पहुंचेंगी। खुदा न करे कि अगर रात में कोई बीमार पड़ गया तो उसे मुख्य सड़क तक पैदल ले जाना पड़ेगा, क्योंकि अंदरूनी सड़कों पर करीब एक फुट से ज्यादा बर्फ जमा है।
कोई भी क्लीयरेंस मशीन यहां नहीं आई। ऐसा ही हाल अधिकतर इलाकों का है। श्रीनगर के राजबाग, पीरबाग, जवाहर नगर, लाल चौक, हब्बाकदल, बोहरी कदल में तो कई घंटो से बिजली ही नहीं है। लोगों का कहना है कि यह हाल शहर का है तो ग्रामीण इलाकों का क्या हाल होगा।
जम्मू में दो दशक का रिकार्ड टूटा, 24 घंटे में 50.1 मिमी बारिश
जम्मू में 20 साल में दूसरी बार जनवरी महीने में 24 घंटे में सर्वाधिक 50.1 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई। जम्मू में 13 जनवरी, 2000 को 24 घंटे में सर्वाधिक 81.4 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई थी। इसके बाद मंगलवार से बुधवार तक 50.1 मिली मीटर बारिश दर्ज की गई।
बुधवार सुबह चौथे दिन जम्मू में बारिश रुकने से शहरवासियों को राहत मिली। बुधवार सुबह मौसम खुलने पर शहर के बाजारों में रौनक नजर आई।बारिश के बावजूद प्रदेश के अधिकतर जिलों में रात के न्यूनतम तापमान में सामान्य से बढ़ोतरी हुई है। जम्मू में बीती रात का न्यूनतम तापमान सामान्य से 4.7 डिग्री चढ़कर 12.1 और दिन का तापमान सामान्य से 2.0 डिग्री चढ़कर 20.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
कहां कितनी बारिश (मिमी)
-------------------------
1-बनिहाल 80.4
2-बटोत 69.8
3-जम्मू 50.1
4-कटड़ा 47.9
5-भद्रवाह 37.2
6-श्रीनगर 34.7