जम्मू-कश्मीर: बडगाम में लश्कर का आतंकी गिरफ्तार, हथियार और अन्य सामग्री बरामद
घाटी में इन दिनों सुरक्षाबल लगातार चेकिंग अभियान चला रहा हैं। इसमें बड़े पैमाने पर उन्हें सफलता मिल रही है। इसी अभियान के तहत बडगाम में सर्च ऑपरेशन चलाया गया।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
मध्य कश्मीर के बडगाम जिले में सुरक्षाबलों की एक संयुक्त कार्रवाई में लश्कर-ए-तैयबा के एक आतंकी को गिरफ्तार किया गया है। आतंकी के पास से हथियार और गोला बारूद बरामद हुआ है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार गुरुवार सुबह जम्मू-कश्मीर पुलिस को जिले के चाडूरा इलाके में आतंकियों के छुपे होने की सूचना मिली थी। इसके आधार पर सेना की 53 राष्ट्रीय राइफल्स (आरआर) और सीआरपीएफ की 181 बटालियन के जवानों के साथ पुलिस ने इलाके में संयुक्त तलाशी अभियान चलाया। इस दौरान सुरक्षाबलों ने चाडूरा के गमंदर गांव से आतंकी को गिरफ्तार कर लिया। उसकी शिनाख्त मेमंदर (शोपियां) के जहांगीर अहमद नाइकू के तौर पर हुई है। उसके पास से एक पिस्तौल, 2 मैगजीन, 16 कारतूस के अलावा गोला बारूद बरामद हुआ है।
21 दिन पहले बना था आतंकी
सेना के अनुसार जहांगीर 31 दिसंबर 2021 को आतंकवाद में शामिल हुआ था। पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलवामा में सेब के बाग में मिला आतंकी ठिकाना
पुलवामा में दक्षिण कश्मीर के पुलवामा के बंदरपोरा कोयल इलाके में सुरक्षाबलों ने सेब के बगीचे में बनाया गया आतंकी ठिकाना खोज निकाला। हालांकि यह पूरी तरह से खाली था। इसे जमीन के नीचे बनाया गया था। सुरक्षाबलों ने उसे ध्वस्त कर दिया। बताया जाता है कि इसका इस्तेमाल आतंकी घटना को अंजाम देने के बाद छिपने के लिए करते थे।
अनंतनाग में सीआरपीएफ बंकर पर आतंकियों ने की फायरिंग
अनंतनाग में आतंकियों ने बुधवार को खन्नाबल (पहलगाम) के नजदीक एफएम गली में सीआरपीएफ के एक बंकर को निशाना बनाया। साथ ही सुरक्षाबलों की गाड़ी पर भी गोलियां चलाईं। गोलियों की आवाज सुनते ही दुकानदारों ने दुकानें बंद कर दीं। सुरक्षाबलों ने पूरे इलाके को घेरे में लेकर हमलावरों की तलाश शुरू कर दी। देर शाम तक तलाशी अभियान जारी था। इस हमले में किसी प्रकार का नुकसान नहीं हुआ।