जम्मू-कश्मीर: अमरनाथ यात्रा को सुखद बनाने के लिए दृढ़ संकल्प, एलजी बोले- कमजोर वर्गों के लिए सरकार कर रही काम
उप राज्यपाल ने समाज के सभी वर्गों से उन तत्वों के खिलाफ सतर्क रहने का आह्वान किया, जो लोगों को गुमराह कर रहे हैं और गरीबों के हित के खिलाफ काम कर रहे हैं। लोगों को अतीत का बंधक बनकर नहीं रहना चाहिए।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने अवाम की आवाज कार्यक्रम का 28वां संस्करण स्थानीय लोगों और श्री अमरनाथ यात्रा में शामिल सभी हितधारकों को समर्पित किया। उन्होंने उन सभी लोगों के प्रति आभार व्यक्त किया जो निस्वार्थ भाव से श्री अमरनाथ की आध्यात्मिक यात्रा को तीर्थयात्रियों के लिए सुखद बनाने के लिए दृढ़ संकल्प और प्रतिबद्धता के साथ काम कर रहे हैं।
उन्होंने कहा कि आध्यात्मिक यात्रा सभी के लिए दया और करुणा की प्रतीक है। यह पवित्र यात्रा हमें मानवीय गरिमा, सामाजिक समानता और न्याय में निहित जम्मू-कश्मीर के लिए एक उज्ज्वल भविष्य बनाने के लिए प्रेरित करती है। उप राज्यपाल ने कहा कि गरीब और वंचित प्रशासन की प्राथमिकता हैं।
उनकी बुनियादी जरूरतों को पूरा करने व उनके जीवन को सुविधाजनक बनाने के लिए हर संभव प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि जम्मू-कश्मीर प्रशासन गरीबों और समाज के कमजोर वर्गों के कल्याण के लिए काम करने के लिए प्रतिबद्ध है।
भूमिहीनों को भूमि और प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत घर उपलब्ध कराने की महत्वाकांक्षी योजना जीवन की गुणवत्ता बढ़ाएगी और हाशिए पर रहने वाले लोगों को सशक्त बनाएगी। गरीब लोगों के लिए खाद्य सुरक्षा हमारे मूलभूत सभ्यतागत मूल्य हैं। प्राथमिकता वाले परिवारों के लिए प्रधान मंत्री खाद्य अनुपूरक योजना से समाज के एक बड़े वर्ग को लाभ होगा।
गुमराह करने वाले लोगों से रहें सतर्क
उप राज्यपाल ने समाज के सभी वर्गों से उन तत्वों के खिलाफ सतर्क रहने का आह्वान किया, जो लोगों को गुमराह कर रहे हैं और गरीबों के हित के खिलाफ काम कर रहे हैं। लोगों को अतीत का बंधक बनकर नहीं रहना चाहिए। हमें जम्मू-कश्मीर केंद्रशासित प्रदेश के सुनहरे भविष्य के निर्माण के लिए वर्तमान की परिवर्तनकारी यात्रा में शामिल होना चाहिए। समृद्ध जम्मू-कश्मीर के लिए युवा हमारी आशा है और सरकार के सभी अंगों को आवश्यक सहायता प्रदान करने के लिए एक टीम के रूप में काम करना चाहिए।
नवोन्वेषी और उद्यमशील युवाओं की प्रेरणादायक सफलता की कहानियां की साझा
उप राज्यपाल ने जम्मू-कश्मीर के नवोन्वेषी और उद्यमशील युवाओं की प्रेरणादायक सफलता की कहानियां साझा कीं। उन्होंने जीएचएसएस, क्रेरी, बारामुला के छात्रों शाकिर अहमद, अदनान मुश्ताक और फुरकान रशीद का विशेष उल्लेख किया, जिन्होंने एप्पल ग्रेडर विकसित किया है।
उन्होंने कहा कि यह देख कर गर्व महसूस होता है कि युवा उत्साह के साथ नए आविष्कारों, नवाचारों पर काम कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि भय मुक्त होकर जम्मू-कश्मीर के युवा सफलता की राह पर चल रहे हैं और उद्यमिता के माध्यम से अपनी किस्मत खुद लिख रहे हैं।
उप राज्यपाल ने बताया कि ऐसी ही प्रेरणाओं में से एक बारामुला की सफीना मुश्ताक हैं, जिन्होंने अपनी पढ़ाई के बाद कृषि उद्यमी बनने का फैसला किया। मशरूम की खेती से शुरुआत की और फूलों की पौध और संरक्षित खेती में विविधता लाई। अपने उत्साह से उन्होंने कृषि-व्यवसाय में एक सफल करियर बनाया।
रियासी के संदुर कुमार जैसे युवा एक सफल कृषि उद्यमी का एक शानदार उदाहरण हैं। आज उन्होंने व्यवसाय के तीन क्षेत्रों, मशरूम की खेती, मधुमक्खी पालन और डेयरी को मिलाकर एक टिकाऊ व्यवसाय मॉडल विकसित किया है।
कलाकारों के सुझाव पर संबंधित विभागों को उचित कार्रवाई के निर्देश
उप राज्यपाल ने कहा कि जम्मू की आवाज कलाकार श्रुति अरोड़ा के सुझाव साझा करना श्रीनगर के जीआर अहंगर, जम्मू से राजेंद्र प्रसाद, सुमित पुरी और राजेश्वर सिंह और अनंतनाग से मुनीब मुश्ताक ने जम्मू-कश्मीर में आवाज कलाकारों और गजलकारों को बढ़ावा देने, शहरी शासन में जनता की भागीदारी, समावेशी स्मार्ट सिटी और सामुदायिक भागीदारी के संबंध में संबंधित विभागों को उचित कार्रवाई करने का निर्देश दिया।
इन कलाकारों के इनपुट की सराहना की
उन्होंने स्मार्ट गांवों में पंचायती राज संस्थानों की भूमिका को मजबूत करने और जम्मू-कश्मीर में कपड़ा कला को बढ़ावा देने पर जम्मू के लोवीश कुमार, शोपियां के मुदासिर अहमद मीर, सांबा की वीना जम्वाल और जम्मू की एक कपड़ा कलाकार प्रीति शर्मा से प्राप्त इनपुट को भी सराहा।
उन्होंने कहा कि 41,000 से अधिक नागरिक मायगांवजेके प्लेटफॉर्म से जुड़ चुके हैं और विभिन्न विषयों पर अपनी राय रख रहे हैं। उन्होंने कहा कि इन विचार-प्रतिक्रिया प्लेटफार्मों पर उत्साहजनक प्रतिक्रिया ने नीति-निर्माण में सार्वजनिक भागीदारी को मजबूत किया है।
धीरज बिस्मिल को डोगरी और निघट नसरीन को कश्मीरी भाषाओं में उनके समृद्ध योगदान के लिए साहित्य अकादमी युवा पुरस्कार 2023 हासिल करने पर बधाई दी। इसके साथ ही बलवान सिंह जमोरिया को बाल साहित्य पुरस्कार पाने पर बधाई दी।