जम्मू कश्मीर: ताजा घुसपैठ की सूचना के बाद एलओसी पर अलर्ट, सीमावर्ती इलाकों में बड़े पैमाने पर तलाशी अभियान शुरू
बांदीपोरा में घुसपैठ की जानकारी मिलने के बाद सेना और पुलिस ने बड़े पैमाने पर तलाशी अभियान शुरू कर दिया है। इसके अलावा सभी सुरक्षाबलों को अलर्ट रहने के निर्देश दिए गए हैं।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
उत्तरी कश्मीर के बांदीपोरा में ताजा घुसपैठ की सूचना के बाद नियंत्रण रेखा एलओसी पर अलर्ट जारी किया गया है। सुरक्षाबलों को स्पष्ट निर्देश जारी करते हुए चौकसी बढ़ाने को कहा गयया है। सूत्रों के मुताबिक बांदीपोरा में घुसपैठ की खबरों के बाद सभी सुरक्षाबलों को हाई अलर्ट पर रखा गया है। अधिकारियों के अनुसार, कोटा सथरी जंगल और गुंडपोरा जंगल, अथवाटू, क्विल्मुकम जैसे इलाके में आतंकवादियों को पकड़ने के लिए बड़ी संख्या में ऑपरेशन शुरू किए गए हैं। बांदीपोरा पुलिस और सेना ने मिलकर कई इलाकों में चेकिंग और तलाशी अभियान शुरू कर दिए हैं।
राजोरी में चार दिन पहले एलओसी पर घुसपैठिए को किया था ढेर
नियंत्रण रेखा पर राजोरी जिले के नौशेरा इलाके के लाम सेक्टर में सात मई (शनिवार) को घुसपैठ की कोशिश को नाकाम करते हुए सेना ने एक आतंकी को मार गिराया था। मारे गए आतंकी का शव बरामद करने के साथ उसके पास से हथियार, खाने पीने की सामग्री तथा अन्य आपत्तिजनक सामग्री बरामद की गई थी।
रक्षा प्रवक्ता ने बताया कि शनिवार को दोपहर में लाम सेक्टर में एलओसी पर संदिग्ध हलचल देखी गई। सतर्क जवानों ने पाया कि एक आतंकी घुसपैठ की कोशिश कर रहा है। इस पर उसे ललकारा गया तो उसने फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में वह मारा गया।
उन्होंने बताया कि पूरे इलाके में सतर्कता बढ़ाने के साथ ही गश्त तेज कर दी गई है ताकि सीमा पार की किसी भी नापाक साजिश को नाकाम बनाया जा सके। ज्ञात हो कि बर्फ पिघलने के बाद अब सीमापार से घुसपैठ की कोशिशें तेज हो गई हैं। लॉंचिंग पैड सक्रिय हो गए हैं। यहां घुसपैठ के लिए आतंकियों का दल तैयार बैठा है। इसके मद्देनजर सेना सतर्क है।
नियंत्रण रेखा की अग्रिम चौकियों पर पहुंचे थे सैन्य उप प्रमुख
सेना उप प्रमुख लेफ्टिनेंट जनरल बीएस राजू रविवार को नियंत्रण रेखा पर पहुंचे और उन्होंने सेना की तैयारियां का जायजा लिया। उनके साथ सेना क्रॉस स्वोर्ड डिविजन के जीओसी विक्रम सिंह सिकन समेत कई वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद रहे। राजू ने सुंदरबनी और पलांवाला सेक्टर का दौरा कर जवानों के साथ बातचीत की।
इससे पहले अधिकारियों ने बताया कि सेना की ओर से एलओसी की सुरक्षा के लिए तकनीकी रूप से मजबूत तंत्र विकसित किया गया है, ताकि सीमा पार से घुसपैठ न हो सके। इसके साथ ही सेना द्वारा इस्तेमाल किए जाने वाले हथियारों और ड्रोन से निपटने की तकनीक के बारे भी विस्तृत जानकारी दी गई।
उन्होंने बताया कि सीमा पार बेशक संघर्ष विराम है, लेकिन इसकी आड़ में पाकिस्तान की तरफ से लगातार घुसपैठ और हथियार भेजने का प्रयास किया जाता है, जिसे विफल करने के लिए जवान हर पल मुस्तैद हैं। राजू ने जवानों का हौसला बढ़ाते हुए कहा कि दुश्मन पर कड़ी नजर रखें और घुसपैठ को नाकाम बनाने के लिए हमेशा सतर्क रहें।