{"_id":"23b12302d5d96d6be08b242c7f4a8db0","slug":"jammu-bandh-today-for-aiims-hindi-news","type":"story","status":"publish","title_hn":"जम्मू बंद को लेकर सुरक्षा के व्यापक इंतजाम","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
जम्मू बंद को लेकर सुरक्षा के व्यापक इंतजाम
ब्यूरो/अमर उजाला, जम्मू
Updated Wed, 27 May 2015 12:47 AM IST
विज्ञापन
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
आल इंडिया इंस्टीट्यूट आफ मेडिकल साइंसेज (एम्स) को जम्मू से घाटी में शिफ्ट किए जाने के विरोध में 27 मई बुधवार को आहूत जम्मू बंद को लेकर पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए हैं। पुलिस के विभिन्न विंगों के अलावा अर्द्धसैनिक बलों की भी मदद ली जा रही है। एसएसपी उत्तम चंद ने ‘अमर उजाला’ को बताया कि जेएंडके पुलिस के अलावा आर्म्ड पुलिस की 15-20 कंपनियां और सीआरपीएफ की दो कंपनियां तैनात की गईं हैं। साथ ही जिला पुलिस लाइन में रिजर्व में रहने वाली पांच कंपनियों को भी सुरक्षा में उतारा गया है।
विज्ञापन
एसएसपी के अनुसार प्रशासन किसी को कानून हाथ में लेने नहीं देगा और किसी भी अप्रिय घटना से निपटने के लिए व्यापक इंतजाम किए गए हैं। तमाम थानों को अपने क्षेत्रों में सुबह से ही अलर्ट रहने के निर्देश दिए गए हैं। उधर, हाईकोर्ट बार एसोसिएशन प्रधान अभिनव शर्मा ने शहर के तमाम धार्मिक, सामाजिक और राजनीतिक संगठनों के साथ बैठक करने के बाद कहा कि पूरा जम्मू संभाग अपने अधिकारों के लिए सड़कों पर उतरने के लिए तैयार है।
विज्ञापन
बुधवार की सुबह हाईकोर्ट के बाहर से एक रैली निकाली जाएगी जिसमें तमाम संगठनों के प्रतिनिधि शामिल होंगे। इसके अलावा तमाम जिलों की बार एसोसिएशनों ने बंद को समर्थन दिया है। बार की ओर से विभिन्न संगठनों को मिलाकर बनाई गई कोआर्डिनेशन कमेटी ने बंद का आह्वान किया है। आंदोलन को प्रभावी ढंग से चलाने के लिए 71 सदस्यीय कोआर्डिनेशन कमेटी और 15 सदस्यीय सलाहकार कमेटी का गठन किया गया है।
विज्ञापन
प्रधान शर्मा ने कहा कि अभी एम्स और कृत्रिम झील के लिए हम आंदोलन कर रहे हैं। इसके बाद जम्मू के अधिकारों के लिए यह कोआर्डिनेशन कमेटी संघर्ष करती रहेगी। कमेटी द्वारा केंद्र और राज्य सरकार को अल्टीमेटम दिया गया कि दस दिनों के अंदर जम्मू को एम्स दिया जाए अन्यथा आंदोलन को तेज किया जाएगा।
उल्लेखनीय है कि इसी दिन केंद्रीय गृहमंत्री राजनाथ सिंह जम्मू के दौरे पर आ रहे हैं। बार प्रधान ने बैठक के बाद कहा कि कमेटी ने जम्मू के तमाम भाजपा मंत्रियों और विधायकों को दस दिन में अपना स्टैंड स्पष्ट करने को कहा है। कमेटी ने जम्मू में निर्माणाधीन कृत्रिम झील को ठंडे बस्ते में डालने का भी विरोध किया।
जम्मू बंद के कारण परीक्षाएं रद्द
बुधवार को जम्मू बंद के आह्वान को देखते हुए गवर्नमेंट कालेज फार वीमेन, परेड में 27 मई को होने वाली सभी परीक्षाएं स्थगित कर दी गईं हैं। कालेज की प्रिंसिपल के अनुसार अपरिहार्य कारणों से 27 मई को होने वाली परीक्षाएं रद्द की गई हैं और अब यह परीक्षाएं पांच जून को होंगी।
बंद को कांग्रेस का समर्थन
प्रदेश कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं ने बुधवार जम्मू बंद को समर्थन किया है। उन्होंने बार एसोसिएशन की कोआर्डिनेशन कमेटी को समर्थन देते हुए जम्मू में एम्स की मांग को दोहराया। वक्ताओं ने भाजपा और पीडीपी की गठबंधन सरकार को नरम नीतियों से अलगाववादियों और देश विरोधी ताकतों को प्रोत्साहित करने के आरोप लगाए। चुनाव के दौरान किए गए वादों को भूलकर भाजपा ने कुर्सी के आगे घुटने टेक दिए हैं।
जम्मू के मुद्दों को लेकर भाजपा जनप्रतिनिधियों को कोई लेना देना नहीं है। जम्मू में एम्स की मांग जायजा है। रियासत की भौगोलिक स्थिति के हिसाब से जम्मू में एम्स बनना चाहिए। सामूहिक बयान देने वालों में प्रदेश कांग्रेस के तारा चंद, जीएस चाड़क, जनक राज गुप्ता, ठाकुर हरी सिंह, जुगल किशोर शर्मा आदि मौजूद रहे।
पैंथर्स ने कहा, संघर्ष में शामिल
जम्मू के अधिकारों के लिए लड़ी जाने वाली किसी भी लड़ाई का यंग पैंथर्स ने समर्थन का वचन दोहराया है। संगठन के गगन प्रताप सिंह ने बंद का समर्थन करते हुए जम्मू के लिए आवाज बुलंद करने का संकल्प लिया है। जम्मू बंद के दौरान पैंथर्स लोगों को आंदोलन में लामबंद करने का प्रयास करेगा।
जम्मू वेस्ट एसेंबली भी साथ
जम्मू वेस्ट एसेंबली मूवमेंट प्रधान सुनील डिंपल ने जम्मू बंद को समर्थन देते हुए कहा कि जम्मू के अधिकारों के लिए वह साथ हैं। उन्होंने कहा कि केंद्रीय गृहमंत्री राजनाथ सिंह के आगमन पर संभाग के तमाम जिलों में बंद सफल बनाकर मोदी सरकार को सख्य संदेश दिया जाना चाहिए।