{"_id":"5ae5fdef4f1c1b76098b7145","slug":"jammu-and-kashmir-cabinet-reshuffle-today","type":"story","status":"publish","title_hn":"J&K: मंत्रिमंडल में सबसे बड़ा उलटफेर आज, भाजपा कोटे के कुछ मंत्री हटेंगे","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
J&K: मंत्रिमंडल में सबसे बड़ा उलटफेर आज, भाजपा कोटे के कुछ मंत्री हटेंगे
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, जम्मू
Updated Sun, 29 Apr 2018 10:46 PM IST
विज्ञापन
महबूबा मुफ्ती
पीडीपी-भाजपा गठबंधन सरकार के मंत्रिमंडल में अब तक का सबसे बड़ा उलटफेर सोमवार को होगा। राज्यपाल एनएन वोहरा जम्मू कन्वेंशन सेंटर में दोपहर 12 बजे नए मंत्रियों को शपथ दिलाएंगे। भाजपा के मंत्रियों में कैबिनेट से लेकर राज्य मंत्रियों में बदलाव लगभग तय है। विधानसभा अध्यक्ष कवींद्र गुप्ता को मंत्रिमंडल में अहम जिम्मेदारी मिल सकती है।
विज्ञापन
शपथ ग्रहण समारोह में भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष अविनाश राय खन्ना, महासचिव राम माधव और केंद्रीय राज्य मंत्री डा. जितेंद्र सिंह विशेष रूप से मौजूद रहेंगे। सूत्रों की माने तो उपमुख्यमंत्री डा. निर्मल सिंह ने नई दिल्ली में रविवार को राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह और महासचिव राम माधव से मुलाकात की। इसके बाद विधानसभा अध्यक्ष कवींद्र गुप्ता को नई दिल्ली बुलाया गया। इस बैठक में भाजपा के नए मंत्रियों की सूची पर मुहर लग गई है।
विज्ञापन
भाजपा की तरफ से वर्तमान प्रदेशाध्यक्ष सत शर्मा समेत विधायकों में डॉ. देवेंद्र मनयाल, शक्ति परिहार, राजीव जसरोटिया, राजीव शर्मा और आरएस पठानिया नए मंत्री हो सकते हैं। वहीं डा. हसीब द्राबु के वित्त मंत्री के पद से इस्तीफे के बाद से पीडीपी कोटे से रिक्त पड़े मंत्री के पद को भी भरा जा सकता है।
विज्ञापन
राज्य मंत्रिमंडल में 25 मंत्रियों की फुल स्टै्रंथ हैं, लेकिन मौजूदा समय में सरकार में 22 मंत्री ही काम कर रहे हैं। इनमें पीडीपी की तरफ से मुख्यमंत्री समेत 13 मंत्री हैं, जबकि भाजपा की तरफ से नौ मंत्री है। गौरतलब है कि रसाना कांड के सिलसिले में विवाद के बाद भाजपा के दो मंत्रियों चंद्र प्रकाश गंगा और लाल सिंह से इस्तीफे लिए गए थे। बाद में कुछ और चेहरों को बदलने के लिए भाजपा नेतृत्व ने सभी मंत्रियों से इस्तीफे ले लिए थे।