{"_id":"5a0bafdc4f1c1b8d698bb785","slug":"j-k-during-encounter-killed-one-hizb-terrorist-success-in-the-destruction-of-terrorist-base","type":"story","status":"publish","title_hn":"J&K: मुठभेड़ में हिजबुल आतंकी ढेर, एक जवान शहीद, आतंकी ठिकाना ध्वस्त करने में मिली सफलता","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
J&K: मुठभेड़ में हिजबुल आतंकी ढेर, एक जवान शहीद, आतंकी ठिकाना ध्वस्त करने में मिली सफलता
ब्यूरो/ अमर उजाला, श्रीनगर
Updated Wed, 15 Nov 2017 08:39 AM IST
विज्ञापन
दक्षिणी कश्मीर में मंगलवार को दो स्थानों पर मुठभेड़ के दौरान हिजबुल के एक आतंकी को मार गिराया गया। इसमें एक जवान शहीद भी हुआ है। शहीद जवान 10 सिख रेजीमेंट में तैनात था। सुरक्षाबलों को इसके साथ ही एक आतंकी ठिकाना ध्वस्त करने में भी सफलता हाथ लगी है।
विज्ञापन
मारा गया आतंकी बीटेक पास था। मुठभेड़ के दौरान आतंकियों को भगाने में मदद के लिए लोगों ने मुठभेड़ स्थल पर भारी पथराव किया। पथराव कर रही भीड़ को खदेड़ने के लिए सुरक्षा बलों को आंसू गैस के गोले दागने पड़े। आतंकी के मारे जाने के बाद भी कई इलाकों में देर शाम तक हिंसक प्रदर्शन चलते रहे। इसमें कुछ लोगों के घायल होने की सूचना है।
विज्ञापन
बता दें कि आतंकियों की मौजूदगी की सूचना पर दक्षिणी कश्मीर के कुलगाम जिले के हलनू गांव में सोमवार की देर रात सेना, सीआरपीएफ तथा पुलिस के एसओजी ने घेराबंदी की। इस दौरान सुबह में तीन बजे आतंकियों ने सुरक्षा बलों का घेरा तोड़ते हुए फायरिंग की और मौके से भाग निकले। इसके बाद सुरक्षा बलों ने पूरे इलाके को खंगालना शुरू कर दिया।
विज्ञापन
दोपहर 12 बजे नौबुग कुंड इलाके में आतंकियों ने सुरक्षा बलों पर फायरिंग शुरू कर दी तो जवाबी कार्रवाई में एक आतंकी को मार गिराया गया, जिसकी शिनाख्त कुलगाम जिले के बदरू यारीपोरा गांव के हिजबुल आतंकी मुजम्मिल मंजूर डार के रूप में की गई है। वह ए कैटेगरी का आतंकी था। इस दौरान क्रास फायरिंग में सेना के जवान मजिंदर सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां उन्होंने दम तोड़ दिया। मुठभेड़ में एक पुलिसकर्मी के भी घायल होने की सूचना है।
उधर, पुलवामा जिले के त्राल इलाके के लाम गांव में भी आतंकियों की मौजूदगी की सूचना पर सुरक्षा बलों ने घेराबंदी की। घेरा सख्त होने पर आतंकियों ने फायरिंग की तो जवानों ने भी जवाबी कार्रवाई की। सूत्रों के अनुसार इस दौरान मौका पाकर आतंकी भाग निकले। जवानों ने सर्च आपरेशन के दौरान एक आतंकी ठिकाना ध्वस्त करने में सफलता हासिल की।
रेल सेवा तथा मोबाइल इंटरनेट स्थगित
मुठभेड़ के दौरान हिंसा भड़कने की आशंका में श्रीनगर-बनिहाल रेल सेवा को स्थगित कर दिया गया। इसके साथ ही मोबाइल इंटरनेट सेवा भी ठप कर दी गई, ताकि किसी प्रकार की अफवाह न फैल सके।