ईद पर भी घाटी में हिंसक प्रदर्शन, आईएस के झंडे लहराए गए
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
(फोटो- एजेंसी)
ईद पर भी श्रीनगर में हिंसक प्रदर्शन हुए। गिलानी सहित कई अन्य अलगाववादियों की नजरबंदी के खिलाफ श्रीनगर और अनंतनाग सहित कई अन्य शहरों में प्रदर्शन हुए। सुरक्षा बलों पर पत्थर बरसाए गए। उपद्रवियों को तितर बितर करने के लिए आंसू गैस के गोले छोड़े गए।
इस बीच, लगातार दूसरे दिन भी आईएस, लश्कर तथा पाकिस्तान के झंडे लहराने के साथ ही प्रदर्शनकारियों ने भारत विरोधी नारेबाजी भी की। इन हिंसक प्रदर्शनों में दो दर्जन से अधिक लोगों के घायल होने की खबर है जिनमें कई सुरक्षा बल के जवान शामिल हैं। दिनभर तनाव की स्थिति बनी रही।
कट्टरपंथी हुर्रियत नेता और हुर्रियत (जी) के अध्यक्ष सैयद अली शाह गिलानी ने नमाज के बाद लोगों से प्रदर्शन की अपील की थी। इसके मद्देनजर सैयद अली शाह गिलानी, मोहम्मद यासीन मलिक, मीरवाइज मौलवी उमर फारूक, शब्बीर अहमद शाह समेत अन्य अलगाववादी नेताओं को नजरबंद कर लिया गया।
स्थिति काबू में करने के लिए लाठीचार्ज
नमाज खत्म होते ही श्रीनगर में सैकड़ों लोग सड़क पर उतरकर प्रदर्शन करने लगे। आईएस तथा पाकिस्तानी झंडे लहराते हुए नारेबाजी शुरू कर दी। प्रदर्शनकारियों ने सुरक्षा बलों पर जमकर पथराव किया। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए सुरक्षा बलों ने लाठीचार्ज किया और आंसू गैस के गोले दागे।
दक्षिणी कश्मीर के अनंतनाग जिले में भी नमाज के बाद हिंसक प्रदर्शन के दौरान सुरक्षा बल के जवानों पर पथराव किया गया। भारत विरोधी नारेबाजी की गई। स्थिति को काबू से बाहर होता देख सुरक्षा बलों ने यहां आंसू गैस के गोले दागे।
घाटी के दक्षिणी कश्मीर के त्राल, शोपियां, पुलवामा समेत उत्तरी कश्मीर के बारामुला, सोपोर आदि इलाकों में भी पुलिस और प्रदर्शनकारियों की बीच झड़पें हुईं। देर शाम तक पूरी घाटी में तनाव की स्थिति रही।