सीमा पर घुसपैठ कराने की फिराक में आईएसआई
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
रियासत के मुख्यमंत्री भले ही पाकिस्तान, अलगाववादियों के प्रति नरम रवैया अपनाने और उनसे बातचीत कर मसलों का हल निकालने की वकालत करते हों, लेकिन पाकिस्तान की सरजमीं से भारत में दुस्साहसिक गतिविधियों को अंजाम देने के मंसूबों में कोई बदलाव नहीं आया है।
सीमा पार बैठे आतंकी संगठन आतंक मचाने के लिए घुसपैठ को हरसंभव कोशिश अब भी कर रहे हैं। दहशतगर्द यह जताने की कोशिश कर रहे कि वह रियासत में नई सरकार बनने के बाद भी अपना मिशन जारी रखे हुए हैं। इतना ही नहीं, रक्षा सूत्रों की मानें तो पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी आईएसआई रियासत में आतंकी हमले तेज करवाने की फिराक में है।
सूत्रों के अनुसार पाकिस्तानी रेंजरों की देखरेख में सांबा सेक्टर की सीमा के उस पार आतंकी गतिविधियां जारी हैं। सूत्रों की मानें तो पाकिस्तान के सुखोचक्क गांव के पास पीर का स्थान है। यहां पर गत दो सप्ताह से चार लोग सिविल कपड़ों में जियारत के बहाने घुसपैठ की फिराक में घूमते देखे गए।
आतंकी रेकी करने के लिए पहुंचे थे सीमा के पास
बीते सोमवार की रात को भी उक्त संदिग्ध सीमा के पास रेकी करने पहुंचे थे, लेकिन बीएसएफ के चौकस जवानों ने पीछे हटने पर मजबूर कर दिया। रात के समय वैनगलाड क्षेत्र की सीमा पर भी हलचल देखे जाने पर बीएसएफ के जवान सतर्क हो गए हैं।
सुरक्षा एजेंसियों को इनपुट मिला है कि बसंतर के रास्ते भी घुसपैठ होने की आशंका है। इस पर बीएसएफ ने क्षेत्र की घेराबंदी करने के निर्देश दिए हैं।
सूत्रों के अनुसार बसंतर दरिया में कांटेदार तार नहीं होने से घुसपैठियों की नजर हमेशा इस रास्ते पर रही है। बल्ल्ड पोस्ट के रास्ते घुसपैठ का प्रयास भी होता रहा है। यहां सीमा से थोड़ी दूरी पर हाईवे है, जिसका फायदा घुसपैठिये उठाते आए हैं।
संदिग्धों के दिखने से दहशत का माहौल
कठुआ के राजबाग और सांबा के सैन्य क्षेत्र में आतंकी हमलों के बाद अब संदिग्धों के देखे जाने की सूचनाएं लगातार मिल रही हैं। बुधवार को भी संदिग्ध देखे जाने की सूचना पर सुरक्षाबल, पुलिस और सुरक्षा एजेंसियों के अधिकारी भाग दौड़ करते रहे।
जानकारी के अनुसार बुधवार सुबह उस समय अफरा-तफरी का माहौल बन गया, जब लोगों को पता चला कि कूटा में आतंकी देखे गए हैं। इस पर पुलिस और सेना के जवान भी मौके पर पहुंच गए। बाद में चीची माता मंदिर के पास एक संदिग्ध देखे जाने की सूचना मिली।
हालांकि यह अफवाह निकली। पुलिस ने मौके से गुज्जर समुदाय के एक युवक को पकड़ा, जिसके पास लाइसेंसी बंदूक थी। यही नहीं, सीमावर्ती क्षेत्रों में भी आतंकियों की हलचल की सूचना पर लोगों में दहशत का माहौल रहा।
इसके चलते दिनभर सुरक्षाबल के जवानों को भाग दौड़ करनी पड़ी। रक्षा सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार सीमावर्ती गांव वैनगलाड की सीमा पर भी बीएसएफ ने कुछ हलचल देखी थी।
बीएसएफ ने बख्तरबंद वाहनों के साथ जवानों को सीमा की निगरानी के लिए तैनात किया है। सूत्रों के अनुसार सोमवार की रात को लौंडी में सीमा के उस पार कुछ संदिग्ध लोगों की हलचल देखी गई थी। इस पर बीएसएफ के जवानों ने रोशनी राउंड चलाए थे।