JK: मोबाइल इंटरनेट पर प्रतिबंध सोमवार सुबह तक बढ़ा
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
ईद को लेकर मोबाइल इंटरनेट सेवा पर लगाया गया प्रतिबंध रविवार दोपहर 2 बजे तक बढ़ा दिया गया था। इसके साथ ये भी कहा गया था कि यदि लगा कि प्रतिबंध हटने से कोई फर्क पड़ सकता है, तो प्रतिबंध बढ़ाया भी जा सकता है।
पुलिस महानिरीक्षक (कश्मीर) एसजेएम गिलानी ने बताया है कि , 'ब्रॉडबैंड सेवाएं अब रात आठ बजे और मोबाइल इंटरनेट सेवाएं कल सुबह 10 बजे बहाल होंगी।' इंटरनेट सेवाओं पर प्रतिबंध की अवधि में दूसरी बार विस्तार किया गया है।
यह सेवा शनिवार को रात दस बजे तक प्रतिबंधित रहनी थी, लेकिन देर शाम को यह प्रतिबंध बढ़ा दिया गया। सूत्रों का कहना है कि कश्मीर के हालातों को देखते हुए पुलिस और सरकार के नुमाइंदों के बीच हुई बैठक में इसका निर्णय लिया गया।
जम्मू संभाग के आईजी दानेश राणा ने इसकी पुष्टि करते हुए बताया कि रविवार दोपहर तक सर्विस पर प्रतिबंध बढ़ाया गया है। कश्मीर संभाग में भी यह प्रतिबंध रहेगा।
डाटा सर्विसेज का दुरुपयोग कर माहौल बिगाड़ने की कोशिश
ईद के मौके पर हालात बिगड़ने की आशंका को ध्यान में रखते हुए पुलिस-प्रशासन ने 48 घंटों के लिए रियासत भर में इंटरनेट सेवा पर रोक लगाई थी। पुलिस को सूचना मिली थी कि ईद के मौके पर कुछ राष्ट्र विरोधी तत्व डाटा सर्विसेज का दुरुपयोग कर रियासत में माहौल बिगाड़ने की कोशिश करेंगे। इससे कानून व्यवस्था चरमरा सकती है। इसके बाद प्रतिबंध लगा दिया गया।
इंटरनेट सेवा ठप होने से करोड़ों रुपये का कारोबार प्रभावित हुआ है। रेल तथा हवाई टिकट के लिए लोगों को परेशान होना पड़ रहा है। वीरवार रात से ही क्लीयरेंस न मिलने से लखनपुर टोल प्लाजा पर मालवाहक वाहनों का जमावड़ा लगना शुरू हो गया था।
आनलाइन भरे जाने वाले फार्म 58 के लिए ट्रक चालकों को खासी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। अब भी एक हजार से अधिक ट्रक टोल प्लाजा पर फंसे हुए हैं। नेट सेवा ठप होने से एसएमएस तथा कालिंग का ग्राफ बढ़ा है।