J&K: पाक की ओर से हो रही घुसपैठ नाकाम, LoC पर 2 आतंकी ढेर
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
जम्मू कश्मीर के पुंछ कस्बे के नजदीकी क्षेत्र बगयाल दरा में मंगलवार को नियंत्रण रेखा पर तैनात भारतीय सेना ने आतंकियों की घुसपैठ की कोशिश को नाकाम कर दिया। इस दौरान फायरिंग में देर शाम तक दो आतंकियों के मारे जाने की सूचना है।
सूत्रों के अनुसार आतंकियों के शव उठाने की कोशिश में दोनों ओर से फायरिंग चल रही है। मंगलवार सुबह करीब साढ़े छह बजे बगयाल दरा में तैनात सेना की गोरखा रायफल के जवानों ने अग्रिम चौकी बहादुर और जाट रेजीमेंट की लंगूर चौकी के मध्य से आतंकियों के एक दल को घुसपैठ करने की कोशिश करते देखा।
उन्होंने नो मैंस लैंड में पहुंचने पर उन्हें ललकारा, लेकिन आतंकियों ने गोलीबारी शुरू कर दी। इस पर जवाबी कार्रवाई में एक आतंकी मारा गया। इसके बाद उसके साथी पीओके की तरफ भाग निकले।
आतंकियों ने किया शव को उठाने का प्रयास
सुबह 10 बजे के बाद उन्होंने साथी का शव उठाने का प्रयास किया। इस पर भारतीय सेना ने गोलीबारी शुरू कर दी। इस बीच भारतीय सेना ने भी आतंकी के शव को लेने का प्रयास किया तो पाक सेना द्वारा फायरिंग की जाने लगी।
दोपहर करीब डेढ़ बजे नियंत्रण रेखा के उस पार की मस्जिद से घोषणा की गई कि गोलीबारी में उनका एक बंदा मर गया है। उसकी लाश उठाने का मौका दिया जाए। मस्जिद के लाउडस्पीकर से की गई घोषणा को बगयाल दरा के ग्रामीणों द्वारा सुने जाने की पुष्टि हुई है।
देर शाम करीब पांच बजे एक बार फिर आतंकियों ने पाक सेना की गोलीबारी की आड़ में अपने साथी के शव को उठाने का प्रयास किया। इस दौरान भारतीय सेना की गोलीबारी में एक और आतंकी ढेर हो गया। इसके बाद रात तक दोनों तरफ से शवों को उठाने के एक-दूसरे के प्रयास को रोकने को रुक -रुक कर गोलीबारी की जा रही थी।